Skip to main content

मतदान से 2 दिन पहले हरियाणा में भाजपा को झटका, तंवर कांग्रेस में

  • राहुल का मास्टर स्ट्रोक :  महेंद्रगढ़ रैली में तंवर को वापस कांग्रेस में लाये 

RNE Network, Haryana.

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान परसों 5 तारीख को होना है मगर आज कांग्रेस ने हरियाणा में भाजपा को बड़ा झटका दे दिया है। कुछ समय पहले कांग्रेस छोड़कर गए हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व राहुल की युवा ब्रिगेड के सदस्य रहे अशोक तंवर आज वापस भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आ गये।

महेंद्रगढ़ में आज राहुल गांधी की रैली थी। उसी रैली में अचानक से अशोक तंवर पहुंचे और राहुल ने उनको फिर से पार्टी में शामिल किया। उस समय मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी मौजूद थे।

कौन है अशोक तंवर ?

एक समय में राहुल की एक युवा टीम थी जिसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया, मिलिंद देवड़ा, जतिन प्रसाद, अशोक तंवर, सचिन पायलट थे। उसमें से पहले सिंधिया, फिर जतिन, फिर अशोक तंवर, फिर देवड़ा एक एक करके पार्टी छोड़ गये। राहुल के साथ केवल पायलट रहे। अशोक तंवर राहुल के इतने नजदीक थे कि उनको हरियाणा कांग्रेस की कमान तक दी गई। मगर वे पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो गए।

राहुल का मास्टर स्ट्रोक : 

मतदान से दो दिन पहले अशोक तंवर को पार्टी में लाकर राहुल ने मास्टर स्ट्रोक लगाया है। आरक्षण के मुद्दे पर घिर रहे राहुल को इससे राहत मिलेगी। तंवर के आने से कांग्रेस आरक्षित वर्गों का भी समर्थन हासिल कर लेगी।

क्यों घर वापसी की तंवर ने : 

अभी अशोक तंवर के वापस कांग्रेस में आने की इन साइड स्टोरी तो सामने नहीं आई है, मगर माना जा रहा है कि भाजपा में वे खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे। राहुल से उनके पहले से ही निकट सम्बंध है। उसी कारण मतदान से थोड़ा पहले उन्होंने भाजपा को हरियाणा में बड़ा झटका दिया है।