Skip to main content

HARYANA : भाजपा 51, कांग्रेस 34 सीट पर लीड, कांग्रेस ने चुनाव आयोग को लिखा शिकायती पत्र

  • रूझान की तरह नतीजे आये तो धरे रह जाएंगे सारे एग्जिट पोल के अनुमान

RNE, NETWORK. 

हरियाणा चुनाव के जो रूझान अब तक सामने आये हैं वैसे ही नतीजे आये तो भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बना रही है। वोटिंग से पहले और बाद मे कांग्रेस जिस कॉन्फिडेंस में दिख रही थी उसकी हवा निकलती नजर आ रही है। इतना ही नही यह रूझान एक बार फिर सारे एग्जिट पोल को झूठा साबित करता नजर आ रहा है।

अभी क्या है स्थिति:

ताजा स्थिति के मुताबिक सभी 90 सीटों के रूझान आ चुके हैं। इनमें 51 सीटों पर लीड के साथ भाजपा पूर्ण बहुमत के 46 वाले आंकड़े से अकेले दम पर स्पष्ट बहुमत की ओर है। कांग्रेस को 34 सीटों पर ही बढ़त मिलती दिख रही है।

बहुजन समाज पार्टी 01 और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को 01 सीट मिलती नजर आ रही है। निर्दलीय 03 सीटों पर बढ़त बनाये हुए हैं। ऐसे में रूझान जैसे ही नतीजे रहते हैं तो किसी तरह के जोड़-तोड़ की बजाय भाजपा अकेले दम पर लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

हालांकि हरियाणा चुनाव काउंटिंग के शुरूआती रूझान में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही थी। ऐसे में कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं में जोश दिखा लेकिन कुछ ही देर में यह जोश ठंडा हो गया और भाजपा नेता-कार्यकर्ता अपने कार्यालयों में खुशियां मनाते नजर आ रहे हैं।

इन सबके बीच एकबारगी कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग को शिकायती पत्र लिखने की बात भी सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने शिकायत की है कि नतीजों को जानबूझकर वेबसाइट पर धीरे-धीरे डिस्प्ले किया जा रहा है। इन सबके बीच मुख्यमंत्री नायबसिंह सैनी और कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्रसिंह हुड्डा दोनों अपनी सीटों से जीत रहे हैं।