Astrology : जन्माष्टमी पर जयंती योग और दिवाली भी रहेगी श्रेष्ठ, चार ग्रहण लगेंगे
नए साल 2026 की शुरुआत आज से हो गई है। गुरु प्रदोष व्रत, रवि योग, रोहिणी नक्षत्र और कई शुभ संयोग बन रहे हैं। ज्योतिष के अनुसार शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि और रोहिणी नक्षत्र के साथ-साथ रवि योग बन रहा है। इस दिन किसी भी नए काम की शुरुआत, निवेश, यात्रा, शिक्षा या व्यवसायिक प्रयास करना अत्यंत लाभकारी माना गया है।
वहीं, नववर्ष-2026 में ज्येष्ठ महीने में अधिक मास (मलमास) लगेगा, जिस कारण कई त्योहारों की तिथि थोड़ी आगे बढ़ गई हैं। यह भी एक विशेष पंचांग व्यवस्था है जो हर तीन साल में होती है। कई त्योहारों पर विशेष संयोग भी बन रहे हैं। अबकी बार दो चंद्र ग्रहण और दो सूर्य ग्रहण भी रहेंगे।
नए साल में दो सूर्य व दो चंद्र ग्रहण होंगे
2026 में दो सूर्य और दो चंद्र ग्रहण होंगे। ज्योतिषाचार्य पंडित लालमणि पांडे ने बताया कि 3 मार्च को खग्रास चंद्र ग्रहण होगा। सूतक काल सुबह 6:20 बजे से लगेगा। ग्रहण दोपहर 3:20 मिनट से शाम 6:47 मिनट तक रहेगा। जो पूरे भारत में दिखाई देगा। दूसरा 17 फरवरी को फाल्गुन अमावस्या को कंकण सूर्य ग्रहण, तीसरा 2 अगस्त श्रावण अमावस्या को सूर्य ग्रहण और चौथा 28 अगस्त को चंद्र ग्रहण श्रावणी पूर्णिमा को रहेगा। हालांकि ये तीनों ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देंगे।
श्रेष्ठ रहेगी दिवाली
दीपावली, 8 नवंबर को है। स्थिर लगन में पूजन होता है। इस दिन शाम 5:55 मिनट से 7:11 मिनट तक का समय श्रीगणेश व लक्ष्मी के पूजन, दीप दान, कुबेर, बही खाता पूजन व घर में दीप जलाने का उत्तम रहेगा। भविष्य पुराण में भी लिखा है कि अबकी बार की दिवाली भी स्वाति नक्षत्र, आयुष्मान योग, तुला राशि में चंद्रमा एवं अर्ध रात्रि व्यापिनी अमावस्या युक्त होने से विशेषतः श्रेष्ठ रहेगी।
जन्माष्टमी पर बन रहा जयंती योग
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को है। पंडित लालमणि पांडे के मुताबिक इस दिन रोहिणी नक्षत्र और वृष का चंद्रमा व अर्ध-रात्रि व्यापिनी तिथि भी है। ये सब दुर्लभ योगों का संयोग इस वर्ष हो रहा है। रोहिणी नक्षत्र में होने से जयंती योग बन रहे हैं। जो महा पुण्य प्रदायक है।
इन त्योहारों पर रहेंगी 3-3 दिन की छुट्टियां
3 मार्च, मंगलवार को होलिका दहन है। 4 मार्च, बुधवार को फाग होगा। गुरुवार व शुक्रवार की छुट्टी लेने पर शनिवार व रविवार को मिला होली पर 6 दिन की छुट्टियां हो सकती हैं। वहीं, इससे पहले 2 व 3 मार्च की छुट्टी लेने पर भी 5 दिन की छुट्टी हो जाएंगी।
01 मई को बुद्ध पूर्णिमा, 26 जून को मुहर्रम, 28 अगस्त को रक्षाबंधन, 4 सितंबर को जन्माष्टमी, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, 25 दिसंबर को क्रिसमस डे, 28 अगस्त को रक्षाबंधन शुक्रवार को व अगले दो दिन शनिवार और रविवार होने पर उक्त पर्वों पर 3-3 दिन की छुट्टियां रहेंगी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस सोमवार को है। पहले शनिवार व रविवार होने से भी 3 दिन छुट्टी रहेंगी।

