Lunar eclipse effect : भारत में ग्रस्तोदय के रूप में दिखेगा चंद्र ग्रहण, इन राशियों पर पड़ेगा प्रभाव
फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा यानी मंगलवार 3 मार्च को खग्रास चंद्रग्रहण होगा। यह प्रदेश व गुजरात के पश्चिमी हिस्सों के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के ज्यादातर भाग में ग्रस्तोदय के रूप में दिखाई देगा।
सुदूर पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड और मणिपुर के कुछ क्षेत्रों में जहां चंद्रोदय सायं 5.33 बजे से पहले होगा, वहां खग्रास स्थिति के दर्शन होंगे, जबकि शेष भारत में खंडग्रास रूप में चंद्रमा उदय होता दिखाई देगा। यह विश्व के कई देशों में चंद्रोदय और चंद्रास्त के समय दिखाई देगा। इस दिन उदयपुर में चंद्रोदय शाम 6.39 बजे होगा। इसके बाद ग्रहण 8 मिनट ही दृश्य रहेगा।
अग्निकांड, दुर्घटना व महंगाई के संकेत
फाल्गुन मास में मंगलवार को ग्रस्तोदय चंद्रग्रहण होने से दुर्भिक्ष, अग्निकांड, दुर्घटनाएं, भूकंप व जन धन हानि की आशंका व्यक्त की गई है। फिल्म जगत से जुड़े लोगों, महिलाओं एवं व्यापारी वर्ग के लिए समय कष्टप्रद बताया है। कपास, रूई, नमक, जौ, चना और गेहूं जैसी वस्तुओं में तेजी के योग बताए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अशांति के प्रबल योग हैं।
सूर्योदय से लगेगा सूतक
चंद्रग्रहण का सूतक सामान्यतः ग्रहण प्रारंभ से नौ घंटे पूर्व मान्य होता है, लेकिन यह ग्रहाण ग्रस्तोदय होने के कारण शास्त्रों में पूर्ववर्ती दिन के सूर्योदय से ही सूतक मान्य माना गया है। इसलिए 3 मार्च को सूर्योदय से सूतक प्रभावी रहेगा। धार्मिक मान्यता अनुसार सूतक लगने के बाद भोजन आदि वर्जित माना गया है। हालांकि बालक, वृद्ध और रोगियों को इसमें छूट रहती है।
सिंह राशि व पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र पर विशेष प्रभाव
ज्योतिषाचार्य डॉ. रवि शर्मा के अनुसार यह चंद्रग्रहण पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र और सिंह राशि में घटित हो रहा है। ज्योतिषीय मत के अनुसार सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र के जातकों के लिए यह विशेष कष्टप्रद हो सकता है। ऐसे जातकों को जप-पाठ, दान, चंद्र व सूर्य संबंधित उपाय तथा ग्रहण उपरांत औषधि स्नान करने की सलाह दी गई है।
चंद्रग्रहण का राशियों पर संभावित प्रभाव
मेष: व्यय वृद्धि, व्यर्थ परिश्रम
वृषभ: कार्य सिद्धि, धन लाभ
मिथुन: प्रगति, उत्साह, पुरुषार्थ वृद्धि
कर्क: धनहानि, अपव्यय से कष्ट
सिंह: स्वास्थ्य कष्ट, चोट भय, धनहानि
कन्या: आर्थिक हानि, मानसिक कष्ट
तुला : धन एवं सुख लाभ
वृश्चिक : रोग, चिंता, संघर्ष
धनु: संतान संबंधी चिंता
मकर : शत्रु व दुर्घटना भय, व्यय वृद्धि
कुंभ : जीवनसाथी को कष्ट
मीन: रोग, गुप्त चिंता, कार्य में विलंब

