
भव्य परशुराम मूर्ति स्थापना का शुभारंभ, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल लोहित में उपस्थित रहेंगे
RNE Network.
विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में ब्राह्मण समाज के सौभाग्यशाली प्रकल्प “परशुराम मूर्ति स्थापना” के शुभारंभ की प्रतीक्षित घड़ी आ पहुँची है। विगत चार वर्षों की कड़ी मेहनत और अथक प्रयासों के बाद यह अलौकिक कार्य अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।
भगवान की 54 फीट ऊँची पंचधातु मूर्ति स्थापना के लिये सभी व्यवस्थाएँ चाक-चौबंद कर ली गयी हैं। मूर्ति के साथ-साथ आवश्यक मेटेरियल, मशीनरी एवं वर्कफोर्स स्थापना स्थल पर तैयार हैं। साइट समन्वय कार्य हेतु रमेश शास्त्री, संजय त्रिवेदी और कौशल शर्मा सक्रिय है।
भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री माननीय अर्जुनराम मेघवाल की गरिमामयी उपस्थिति में भगवान परशुराम के श्रीचरण मूर्ति स्थापना स्थल पर 11 जून 2025 को समारोहपूर्वक स्थापित किए जाएंगे।
मूर्ति प्रतिष्ठा प्रकल्प संयोजक एवं संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परमेश्वर शर्मा, सालासर विगत तीन माह में छठवीं बार मूर्ति स्थापना स्थल पर पहुँच चुके हैं। मूर्तिकार नरेश कुमावत परशुराम कुंड पर कैम्पड हैं।
उत्तर-पूर्व भारत में ब्राह्मण समाज के इतिहास का अब तक का सबसे महती और गौरवपूर्ण कार्य है यह, जिसे लेकर जनमानस में अद्भुत उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है। समाज की आस्था, संगठन की प्रतिबद्धता और नेतृत्व की दूरदर्शिता का यह अद्वितीय उदाहरण है।