100 किमी रन-अप : एक गेंद...100 KM का रन-अप! 14 घंटे दौड़े इंग्लिश क्रिकेटर, बनाया अनोखा रिकॉर्ड
Rudra News Express International Desk.
एक गेंद फेंकने के लिए आमतौर पर गेंदबाज कुछ कदमों का रन-अप लेता है, लेकिन इंग्लैंड के स्थानीय क्रिकेटर सैम बोडोआनो ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाए। उन्होंने सिर्फ एक गेंद फेंकने के लिए 100 किलोमीटर का रन-अप लिया।
बोडोआनो ने अपना अनोखा सफर लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान से शुरू किया और करीब 14 घंटे दौड़ने के बाद सरे के वोकिंग स्थित वैली एंड क्रिकेट क्लब पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी ऐतिहासिक गेंद फेंकी और फिर क्रिकेट मैच भी खेला।
24 किमी के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा
बोडोआनो का यह प्रयास केवल रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं था। उन्होंने कैंसर चैरिटी "द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन" के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से यह चुनौती पूरी की और करीब 6,000 पाउंड जुटाए। यह फाउंडेशन इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस ने अपनी दिवंगत पत्नी रूथ की याद में स्थापित किया था।
इससे पहले एक गेंद फेंकने के लिए सबसे लंबे रन-अप का रिकॉर्ड टॉम डन* के नाम था, जिन्होंने 2024 में करीब 24 किलोमीटर का रन-अप लिया था। बोडोआनो ने इसे चार गुना से भी अधिक दूरी तय कर पीछे छोड़ दिया।
हाथ में गेंद, बदन पर सफेद क्रिकेट ड्रेस :
इस चुनौती को रिकॉर्ड प्रयास के रूप में मान्यता दिलाने के लिए बोडोआनो को पूरी दूरी के दौरान हाथ में क्रिकेट गेंद पकड़े रहना था और सफेद क्रिकेट पोशाक में दौड़ना था। 100 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद उन्हें वही गेंद फेंकनी थी और इसके बाद मैच में भी हिस्सा लेना था।
बोडोआनो ने बताया कि पूरे रास्ते गेंद को हाथ में पकड़े रखना काफी परेशानी भरा था। 14 घंटे की दौड़ ने उनके पैरों को बुरी तरह थका दिया, लेकिन रास्ते में मिले लोगों के समर्थन ने उन्हें हौसला दिया।
उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग चुनौतियां लेते रहते हैं और क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को अल्ट्रा-मैराथन जैसी चुनौती से जोड़ना उनके लिए खास अनुभव रहा। अब बोडोआनो के प्रयास का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से औपचारिक सत्यापन किया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद यह रिकॉर्ड आधिकारिक माना जाएगा

