Movie prime

108 एंबुलेंस नहीं, ऑटो में महिला ने एक साथ 04 बच्चों का जन्म दिया, चारों की मौत

 

Rudra News Express

मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सात माह की गर्भवती महिला ने अस्पताल ले जाते समय ऑटो-रिक्शा में एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही देर बाद चारों नवजातों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार ने समय पर 108 एम्बुलेंस नहीं मिलने का आरोप लगाया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बच्चों की मौत समय से पहले जन्म और उनके अधूरे शारीरिक विकास के कारण हुई।

जानकारी के अनुसार, मंडला जिले के नैगांव गांव निवासी रजनी सिंगराम को मंगलवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उन्हें पहले घुठास के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया।

रास्ते में ऑटो में हुआ चौगुना प्रसव : 

अस्पताल ले जाते समय ऑटो-रिक्शा में ही रजनी ने तीन बेटियों और एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद सभी नवजातों को उपचार देने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही देर में चारों ने दम तोड़ दिया। महिला का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

परिजनों का आरोप- नहीं मिली एम्बुलेंस :

महिला के पति गणेश सिंगराम ने आरोप लगाया कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उन्होंने 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया था, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरी में ऑटो-रिक्शा से अस्पताल ले जाना पड़ा। उनका कहना है कि यदि समय पर एम्बुलेंस मिल जाती तो शायद बच्चों की जान बच सकती थी।

स्वास्थ्य विभाग ने क्या कहा?

मंडला के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. डी. जे. मोहंती के मुताबिक चारों बच्चों का जन्म समय से पहले (प्रीमैच्योर) हुआ था। प्रत्येक नवजात का वजन लगभग 1.5 किलोग्राम था और उनका शारीरिक विकास पूरा नहीं हुआ था। उनके अनुसार, नवजातों की मौत का प्रमुख कारण यही था।

कलेक्टर बोले- शिकायत मिली तो होगी जांच :

मंडला कलेक्टर राहुल नामदेव धोते ने कहा कि एम्बुलेंस नहीं मिलने संबंधी कोई औपचारिक शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

FROM AROUND THE WEB