ACB का डबल अटैक: बिजली कंपनी के AEN-ऑपरेटर और KDA संविदाकर्मी गिरफ्तार
मीटर लौटाने और नामांतरण कराने के नाम पर मांगी थी घूस, तीन कर्मचारी एसीबी के शिकंजे में
RNE Jaipur-Kota.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रदेश में रिश्वतखोरी के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JDVVNL) के एक सहायक अभियंता (AEN), कंप्यूटर ऑपरेटर तथा कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) के एक संविदाकर्मी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि टोंक में JDVVNLके सहायक अभियंता और कंप्यूटर ऑपरेटर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने परिवादी के घर का बिजली मीटर वापस लगाने तथा विजिलेंस जांच रिपोर्ट दर्ज नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

उधर, कोटा इकाई ने कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) के संविदाकर्मी कपिलराज को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। वहीं प्राधिकरण के कर्मचारी जुगल किशोर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि श्रीनाथपुरम स्थित उसके पैतृक मकान का नामांतरण दर्ज कराने के लिए केडीए कर्मचारी बार-बार आपत्तियां लगाकर उसे परेशान कर रहे थे और काम करने के बदले रिश्वत मांग रहे थे।

