RudraNewsExpress_Logo

Blinkit Dark Store पर कार्रवाई, 32.2°C में रखे थे डेयरी प्रोडक्ट, 800 पैकेट मौके पर नष्ट

 

Rudra News Express Jaipur. 

ऑनलाइन फूड एवं ग्रोसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit के डार्क स्टोर पर बड़ी कार्रवाई की। जयपुर में आदर्श नगर के फतेह टीबा स्थित ब्लिंकिट वेयरहाउस में औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों में गंभीर कमियां सामने आईं। कार्रवाई के दौरान करीब 800 पैकेट मिल्क प्रोडक्ट सहित बड़ी मात्रा में खराब, क्षतिग्रस्त और अवधि पार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।

32.2 डिग्री तापमान में रखे थे डेयरी प्रोडक्ट : 

निरीक्षण में सबसे गंभीर लापरवाही कोल्ड स्टोरेज के तापमान को लेकर सामने आई। जिन खाद्य पदार्थों को 5 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान में रखा जाना चाहिए, उन्हें जिस कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था, उसका तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पाया गया। तापमान मानकों के इस गंभीर उल्लंघन के चलते खाद्य पदार्थों के असुरक्षित एवं दूषित होने की आशंका को देखते हुए खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति से करीब 800 पैकेट मिल्क प्रोडक्ट नष्ट करवाए गए।

बटर, जूस और दूध भी खराब मिले : 

p

टीम को निरीक्षण के दौरान करीब 24 पैकेट अमूल बटर, 60 बोतल बॉम्बे बंटा जूस, लो-फैट दूध के 11 पाउच, ट्रॉपिकाना जूस, काउ घी का पैकेट और करीब 1400 मिलीलीटर अमूल टोंड मिल्क** समेत अन्य क्षतिग्रस्त एवं अवधि पार खाद्य सामग्री मिली। विभाग ने इन्हें भी मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

स्टोर में गंदगी और थूक के निशान : 

p

निरीक्षण के दौरान डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला एवं जर्दा थूकने के निशान मिले। दीवारों पर गंदगी और थूक के निशान भी पाए गए। खाद्य सामग्री रखने के लिए लगाए गए कई लोहे के रैक टूटे, गंदे और जंग लगे मिले। स्टोर में एयर कर्टेन भी नहीं लगा था। डस्टबिन की जगह खुली प्लास्टिक की बाल्टी का इस्तेमाल किया जा रहा था।

फूड हैंडलर्स के रिकॉर्ड भी नहीं मिले : 

अधिकारियों को खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल परीक्षण से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिले। निरीक्षण के दौरान फूड हैंडलर्स द्वारा ग्लव्स का इस्तेमाल नहीं किया जाना भी पाया गया। इसके अलावा डीप फ्रिज में पानी भरा हुआ था और कुछ फूड प्रोडक्ट क्षतिग्रस्त स्थिति में मिले।

मिल्क, घी और पेपरबोट के सैंपल लिए : 

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मिल्क, फूड घी और पेपरबोट कार्बोनेटेड वाटर के एक-एक सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में यदि मिलावट या खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित फर्म एवं ऑनलाइन कंपनी के खिलाफ वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Blinkit स्टोर को Improvement Notice : 

निरीक्षण में मिली विभिन्न कमियों को लेकर संबंधित प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन माध्यम से खाद्य पदार्थों की डिलीवरी करने वाले डार्क स्टोर और वेयरहाउस भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के पालन के लिए समान रूप से जिम्मेदार हैं।

FROM AROUND THE WEB