Badrinath Highway Accident : ऋषिकेश से बद्रीनाथ जा रही बस पर मलबा गिरा, महिला की मौत, 02 घायल
चमोली में बदरीनाथ हाईवे पर मलबा गिरने से बस हादसा
RNE Uttarakhand.
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। चमोली जिले के पीपलकोठी के निकट भनेरपानी क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक भारी मलबा और बोल्डर गिरने से एक यात्री बस उसकी चपेट में आ गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार बस ऋषिकेश से बदरीनाथ धाम जा रही थी और उसमें करीब 32 यात्री सवार थे। अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण बस को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पीपलकोठी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए चारधाम यात्रा को रोक दिया था, हालांकि स्थिति सामान्य होने और मार्ग साफ होने के बाद यात्रा को पुनः सुचारु कर दिया गया।
बारिश के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

