कैलाश मानसरोवर यात्रा से पहले सावधान! वीज़ा-परमिट के बिना न करें यात्रा, विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी
RNE Network.
विदेश मंत्रालय ने प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे पूरी यात्रा के लिए जरूरी वीज़ा, परमिट और अन्य दस्तावेज़ मिलने के बाद ही यात्रा शुरू करें।
मंत्रालय ने बताया कि उसे ऐसे कई भारतीय नागरिकों से मदद के अनुरोध मिले हैं, जो प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। लेकिन उनके पास चीन में प्रवेश के लिए जरूरी वीज़ा और परमिट नहीं थे, जिसके कारण वे नेपाल में फंस गए।
मंत्रालय ने कहा कि जरूरी और कन्फर्म यात्रा दस्तावेज़ों के बिना या बाद में दस्तावेज़ मिलने की उम्मीद में यात्रा शुरू करने से यात्रियों के फंसने का खतरा बढ़ जाता है।
इसके साथ ही, मंत्रालय ने तीर्थयात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा बुक करने से पहले यह भी सुनिश्चित करें कि उनका टूर ऑपरेटर विधिवत रजिस्टर्ड और अधिकृत हो।

