NEET री-एग्जाम से पहले NTA का बड़ा गड़बड़झाला, Nagpur के स्टूडेंट का परीक्षा केंद्र Abu Dhabi
RNE Nagpur.
सोचिए! आप नागपुर में रहते हैं, नीट की परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, एडमिट कार्ड डाउनलोड करते हैं और उसमें आपका परीक्षा केंद्र निकलता है...अबू धाबी! जी हां, संयुक्त अरब अमीरात का अबू धाबी... जो नागपुर से करीब ढाई हजार किलोमीटर दूर है। सुनने में मजाक लगता है, लेकिन यह एक छात्र की असली परेशानी है।

दरअसल देशभर में 21 जून को होने वाले नीट री-एग्जाम की तैयारियां जोरों पर हैं। 22 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। इन सब के बीच नागपुर के छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद के लिए परीक्षा की तैयारी से ज्यादा बड़ी चुनौती बन गई है उसका परीक्षा केंद्र।
जब अब्दुल्ला ने अपना एडमिट कार्ड देखा तो वह और उसका परिवार हैरान रह गया। केंद्र के रूप में लिखा था "अबू धाबी इंडियन स्कूल, UAE" यानि परीक्षा देने के लिए देश नहीं, विदेश जाना होगा। सबसे बड़ी बात यह कि अब्दुल्ला के पास पासपोर्ट तक नहीं है। परिवार के सामने सवाल था कि आखिर एक भारतीय छात्र, जिसने पिछली परीक्षा भारत में दी थी, उसे अचानक विदेश का सेंटर कैसे मिल गया?
घबराए परिवार ने तुरंत NTA हेल्पलाइन से संपर्क किया। काफी मशक्कत के बाद जवाब मिला कि यह एक गलती है और इसे जल्द ठीक किया जाएगा। इसके बाद NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी बयान जारी किया और कहा कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के बाद छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा।
लेकिन यहां कहानी खत्म नहीं होती। परीक्षा में सिर्फ एक दिन बाकी है और अबतक अब्दुल्ला के एडमिट कार्ड में अबू धाबी वाला केंद्र ही दिख रहा था। परिवार की चिंता इतनी बढ़ गई कि उन्होंने पासपोर्ट और फ्लाइट टिकट की संभावनाएं तक तलाशनी शुरू कर दीं। माता-पिता को डर था कि कहीं केंद्र नहीं बदला तो बेटे का पूरा साल खराब न हो जाए।
ऐसे में एक तरफ लाखों छात्र परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं वहीं दूसरी तरफ एक छात्र यह सोचने को मजबूर है कि वह परीक्षा देने भारत में जाएगा या विदेश में। फिलहाल सभी की नजर NTA पर है कि क्या समय रहते अब्दुल्ला को नागपुर में परीक्षा केंद्र मिल पाता है या नहीं।

