BIKANER : वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पौधारोपण किया
RNE, BIKANER.
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की गंगाशहर नगर पर्यावरण गतिविधि ने रिद्धि सिद्धि गार्डन सोसाइटी के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। किश्मीदेसर-गंगाशहर स्थित रिद्धि सिद्धि गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में 108 पौधों का पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम में आंवला, जामुन, गुलमोहर, चीकू और अशोक जैसे फलदार, छायादार एवं बीजदार पौधे लगाए गए। आयोजकों ने बताया कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और पशु-पक्षियों के लिए बेहतर प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा, ट्री-गार्ड लगाने और नियमित सिंचाई की जिम्मेदारी भी उठाई।

कार्यक्रम में प्रांत पर्यावरण संयोजक अंगद बिश्नोई, डॉ. कमलकांत शर्मा, पर्यावरणविद् मनीष गहलोत, डॉ. किशनलाल मेघवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। RSS और सोसाइटी ने मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

