Bikaner : सुभाष जोशी और दिनेश चुरा को अमेरिका की सीडर ब्रुक यूनिवर्सिटी से मानद पीएचडी
May 30, 2026, 18:20 IST
RNE Bikaner.
बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में संयुक्त राज्य अमेरिका की सीडर ब्रुक यूनिवर्सिटी ने शिक्षाविद सुभाष जोशी और लेखा विशेषज्ञ दिनेश चुरा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मानद पीएचडी (Honorary Doctorate) से सम्मानित किया है।
अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद (युवा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने बताया कि पीएम श्री राजकीय सादुल उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक एवं शिक्षाविद सुभाष जोशी को शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए तथा स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कोषाधिकारी दिनेश चुरा को लेखा एवं वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित रेडिसन ब्लू होटल के मेपल गोल्ड बैंक्वेट्स में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में दोनों प्रतिभाओं को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ पूर्व सांसद दीप सिंह राठौड़, भारत सरकार के मंत्रालय से जुड़े उपनिदेशक रघुवीर शर्मा, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. प्रभात कुमार तथा नेपाल से पधारे विश्व गुरु डॉ. गौरी शंकर महाराज सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
सुभाष जोशी और दिनेश चुरा को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर बीकानेर के शिक्षा एवं लेखा जगत में हर्ष की लहर है। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली और उल्लेखनीय उपलब्धियों के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
शहर के शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने इसे बीकानेर की प्रतिभा का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान बताया है। उनका मानना है कि इस उपलब्धि से शिक्षा और लेखा क्षेत्र में कार्यरत युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी तथा वे भी अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित होंगे

