RudraNewsExpress_Logo

छठ पर्व, खरना अनुष्ठान : 36 घंटे का निर्जला उपवास, कल अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य
 

 

Rudra News Express Patna. 

छठ महापर्व का दूसरा दिन, खरना पर गुड़, दूध और अरवा चावल का खीर एवं शुद्ध गेहूं से बनी रोटी भगवान भुवन भास्कर को अर्पित की गई। खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। अब कल अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा।

p

लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ के दूसरे दिन आज व्रतियों ने श्रद्धा भाव से खरना अनुष्ठान किये। अब उनका छत्तीस घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो रहा है। भगवान भास्कर को कल व्रति और श्रद्धालु पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। उदीयमान सूर्य को सोमवार को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद इस महापर्व का समापन होगा। 

दरअसल छठ महापर्व के दूसरे दिन सुबह से ही व्रती खरना अनुष्ठान की तैयारियों में जुटे रहे। घरों में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया गया। मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी बनाई गई। व्रतियों ने बताया कि छठ महापर्व प्राकृति उपासना के साथ वैज्ञानिक महत्व भी रखता है। 


व्रतियों ने कहा, खरना अनुष्ठान संपन्न होने के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो रहा है। छठ व्रती आशा देवी ने बताया कि वे विगत कई वर्षों से महापर्व कर रही हैं और भगवान भुवन भास्कर ने उनकी सभी मनोकामानाएं पूरी की हैं। वहीं, उनकी पुत्री किरण देवी ने कहा कि चार दिनों के इस महापर्व के दौरान सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। 

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती और श्रद्धालु विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। विशेषज्ञ डॉ. रीता शुक्ला ने छठ महापर्व की वैज्ञानिक महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह महापर्व आंतरिक और बाह्य शुद्धता के साथ किया जाता है। उन्होंने बताया कि भगवान सूर्य ऊर्जा के सबसे बड़े श्रोत हैं और कई शारीरिक विकारों को दूर करने में सूर्य की किरणें सहायक हैं।

FROM AROUND THE WEB