कलेक्टर टीना डाबी घिरी: महिला विधायक के डीप फेक वीडियो का आरोपी सम्मानित, अब वापस लिया सम्मान।
RNE Jaipur-Barmer.
राजस्थान में गणतंत्र दिवस समारोह में एक ऐसे व्वक्ति का सम्मान कर दिया गया जिस पर महिला विधायक का डीप फेक अश्लील वीडियो फैलाने का आरोप है। इसके खिलाफ बाकायदा एफआईआर दर्ज है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तारी भी प्रस्तावित है। ऐसे में सम्मान किये जाने पर सवाल उठ खड़े हुए। मामला उछलने के बाद अब सम्मान वापस लिया गया है। पूरे मामले में बाड़मेर की चर्चित कलेक्टर टीना डाबी सवालों के घेरे में आ गई।
दरअसल एमएलए रितु बनावत से जुड़े डीप फेक अश्लील वीडियो मामले के आरोपी दिनेश मांजू का सम्मान बाड़मेर कलेक्टर की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह में किया गया। एमएलए रितु बनावत ने विधानसभा परिसर में इस मसले पर पत्रकारों से बातचीत में जहां इस सम्मान पर हैरानी और आपत्ति जताई वहीं सवाल उठाया कि ऐसा कौन है जिसकी सिफारिश पर महिला विधायक का डीप फेक वीडियो बनाने वाले का सम्मान हुआ।

मामला गरमाने के बाद सरकार सहित बाड़मेर प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर टीना डाबी ने दिनेश मांजू को दिया गया सम्मान प्रत्याहरित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही कहा, इस मामले में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। अब इस मामले को लेकर पूरे राजस्थान में चर्चा हो रही है।

