Movie prime

राम मंदिर में चांदी की ईंटें और कागभुसुंडि गायब होने के दावे से बढ़ा विवाद

 

RNE Network.

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की रकम की चोरी को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब चांदी के कागभुसुंडि के गायब होने का दावा भी सामने आया है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मामले पर सवाल उठाए हैं।
 

गोरखपुर के सर्राफा व्यापारियों द्वारा यह चांदी की कागभुसुंडि और करीब 40 किलो चांदी की ईंटें मंदिर निर्माण की नींव में रखने के लिए पवित्रता के साथ दान स्वरूप दी गयी थी।
 

चांदी की ईंटों पर मांगा जवाब:
 

सिंधी समुदाय की ओर से 200 चांदी की ईंटों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कैसल्स ग्रुप ऑफ कम्पनीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ राजू वी मनवानी ने दावा किया है कि 26 जनवरी 2021 को 1 - 1 किलो वजन की 200 चांदी की ईंटें अयोध्या में चम्पत राय को सौंपी गई थी। मनवानी ने कहा कि दानदाताओं को यह जानने का अधिकार है कि उनकी ओर से दिए गए दान का उपयोग कहाँ हुआ। 
 

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने दान और भूमि लेन देन से जुड़ी जानकारी देने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि एसआईटी की जांच जारी है। इसलिए पूरी होने तक ये जानकारियां उपलब्ध नहीं कराई जा सकती।

ऑडिट में दी थी चेतावनी:

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के गठन के कुछ ही महीनों बाद 2020 में एक निजी ऑडिट फर्म ने इसके प्रशासन को अत्यधिक अव्यवस्थित और गैर पेशेवर बताया था। रिपोर्ट में कहा गया था कि दान और लेन देन का कोई व्यवस्थित रिकॉर्ड मौजूद नहीं था। जिससे पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

FROM AROUND THE WEB