दाल - बाटी बनाई, कलक्टर की कार को भोग लगा विरोध जताया, चरागाह से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर हो रहा आंदोलन
RNE Network.
आजकल विरोध प्रदर्शन के लिए भी लोग नए नए तरीके ईजाद कर ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। जंतर मंतर पर जैन जी ने आंदोलन के समय कॉकरोच, डायनोसोर बनकर विरोध किया था। अब इसी तरह से अनूठे विरोध की खबर बारां से आई है।
ग्राम पंचायत सहरोद की चरागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग को लेकर ग्रामीण बुधवार को दूसरे दिन भी कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठे रहे। शाम को प्रदर्शनकारियों ने धरना स्थल पर दाल - बाटी बनाई। इसके बाद गणेशजी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ी जिला कलेक्टर की कार को भी भोग लगाकर विरोध जताया। कार को भोग लगाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सहरोद क्षेत्र की सैकड़ों एकड़ चरागाह भूमि पर प्रभावशाली लोगों ने 20 - 25 साल से कब्जा कर रखा है। इससे मवेशियों के लिए चारे की समस्या हो रही है। प्रदर्शनकारी सत्यप्रकाश नागर के अनुसार एक सप्ताह पहले प्रशासन को ज्ञापन दिया गया, मगर कोई कार्यवाई नहीं हुई। इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। सुनवाई न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी भी आंदोलनकारियों ने दी है।

