सफाईकर्मी भर्ती शीघ्र शुरू करने और बीकानेर नगर निगम में 3500 पदों पर नियुक्ति की मांग, वाल्मीकि यूथ क्लब ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन
RNE Bikaner.
वाल्मीकि यूथ क्लब, राजस्थान ने नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में लंबे समय से लंबित सफाईकर्मी भर्ती प्रक्रिया को जल्द प्रारंभ करने तथा बीकानेर नगर निगम में 3500 नए सफाईकर्मियों की भर्ती करने की मांग की।
वाल्मीकि यूथ क्लब के प्रदेशाध्यक्ष राहुल जादुसंगत ने बताया कि सफाईकर्मी भर्ती में लगातार हो रही देरी के कारण वाल्मीकि समाज के हजारों बेरोजगार युवक-युवतियां रोजगार के अवसरों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जाना आवश्यक है। सफाई कर्मचारी भर्ती में वाल्मीकि समाज के ही को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।
ज्ञापन में कहा गया कि बढ़ती जनसंख्या और सफाई कार्य के बढ़ते दबाव को देखते हुए बीकानेर नगर निगम में कम से कम 3500 नए सफाईकर्मियों की भर्ती की जानी चाहिए। कर्मचारियों की कमी के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे आमजन को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
क्लब की ओर से यह भी मांग की गई कि सफाईकर्मी भर्ती से संबंधित न्यायालयीन मामलों में निर्णय प्राप्त कर चुके सभी पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति दी जाए तथा प्रदेशभर में रिक्त पड़े सफाईकर्मी पदों को जल्द भरा जाए।इस दौरान सफाई कर्मचारी नेता शिवलाल तेजी, पंडित संतोषा नंद सरस्वती महाराज, वाल्मीकि यूथ क्लब के प्रदेश संगठन महासचिव सुनील चांवरिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

