Movie prime

राम मंदिर पर 25 को फहराई जाएगी धर्म ध्वजा, राष्ट्रपति मुर्मू व संघ प्रमुख मोहन भागवत होंगे आयोजन में शामिल

 

RNE Network.

अयोध्या के श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब शिखर पर धर्म ध्वजा फहराने की तैयारियां आरम्भ हो गयी है। श्री राम मंदिर पर धर्म ध्वजा सीताराम की विवाह पंचमी के दिन 25 नवम्बर को सुबह 11 बजे बाद शुभ मुहूर्त में फहराई जायेगी।
 

इस दिन भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह समारोह की धूम रहेगी। समारोह के लिए धार्मिक अनुष्ठान 23 नवम्बर से शुरू हो जाएंगे। समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम में आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत भी उपस्थित रहेंगे।
 

समारोह की तैयारी को लेकर तीर्थ क्षेत्र भवन में राम मंदिर ट्रस्ट, संघ व विहिप के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि समारोह में 8000 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया जायेगा।
 

ये होती है धर्म ध्वजा:
 

श्री रामलला मंदिर के शिखर पर सोने का कलश लगाया गया है। इस कलश में एक दंड लगाया है। इसी दंड में धर्म ध्वज लहराया जाएगा। मंदिर परकोटे के 6 मंदिरों सहित परिसर के 20 मंदिरों में ध्वज फहराया जाएगा। धर्म ध्वज फहराने का मतलब होता है कि मंदिर निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है।