RudraNewsExpress_Logo

Diya Mirza वीडियो विवाद :  हाईकोर्ट की BMC को फटकार; कहा- वीडियो दोबारा अपलोड करो
 

 

Rudra News Express Desk Mumbai. 

एक्ट्रेस  दीया मिर्जा के दिवाली वीडियो पर शुरू हुआ विवाद बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को आदेश दिया है कि दीया मिर्जा का हटाया गया वीडियो दोबारा अपलोड करो। इस वीडियो में दीया ने ग्रीन पटाखे जलाने और सड़कों पर आतिशबाजी नहीं करने की अपील की थी।

कोर्ट के आदेश पर दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा जैसे सेलेब्रिटी से बनवाए थे वीडियो : 

मुंबई में प्रदूषण को देखते हुए हाईकोर्ट ने आतिशबाजी को लेकर दिशा-निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में BMC ने पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने के लिए कई सेलिब्रिटी के वीडियो तैयार करवाए । इन सलेब्रिटी में दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे आदि शामिल रहे। BMC ने दीया का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर रविवार को पोस्ट किया गया। यह वीडियो पोस्ट होते ही भाजपा नेताओं नेआपत्ति शुरू कर दी। ऐसे में उसी रात BMC ने इसे हटा दिया। विशेष बात यह है कि दूसरे सेलिब्रिटी के वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट पर बने रहे।

दीया के वीडियो को धार्मिक रंग देने पर कोर्ट नाराज : 
Mumbai High Court में जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और नीला गोखले की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए वीडियो पर नेताओं की टिप्पणियों से नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा, भारत धर्मनिरपेक्ष देश है और पर्यावरण के मुद्दे को कोई दूसरा रंग नहीं दिया जाना चाहिए। दीया मिर्जा ने वायु प्रदूषण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया था, इसमें धार्मिक आधार पर आपत्ति क्यों? कोर्ट ने यह भी कहा कि कुछ लोगों की आपत्तियों के आधार पर BMC को जल्दबाजी में वीडियो हटाने जैसा कदम नहीं उठाना चाहिए था।

क्या बोले मेयर ऋतु तावड़े, भाजपा नेता : 
दरअसल वीडियो हटाने से पहले भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा की अपील पर आपत्ति जताई। कहा, दिवाली हजारों वर्षों से मनाई जा रही है और लोगों को त्योहार मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। साटम ने पटाखों के खिलाफ अपील करने वालों को 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' से जोड़ते हुए टिप्पणी की थी।

BMC मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने दीया मिर्जा को 'हिंदू विरोधी' बताते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की बात कही। हालांकि डिप्टी मेयर संजय घाड़ी ने कहा था कि उन्हें अभिनेत्री के संदेश में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं लगा।

दीया ने "भलाई" की थी : 

वीडियो हटाने पर दीया मिर्जा ने सोशल मीडिया पर कहा था कि इस वीडियो के लिए  'कोई पैसे नहीं लिए हैं। भलाई का जमाना ही नहीं रहा।' दूसरी ओर शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने दीया मिर्जा का समर्थन किया था। आदित्य ठाकरे ने कहा,  BMC ने आधिकारिक तौर पर दीया से वीडियो बनवाया और फिर भाजपा नेता की आपत्ति के बाद उसे हटा दिया। वर्षा गायकवाड़ ने भी भाजपा पर हर मुद्दे को धर्म से जोड़ने का आरोप लगाया था।

FROM AROUND THE WEB