RudraNewsExpress_Logo

नाथद्वारा में दर्शन के दौरान पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी!

Ex Vice President Jagdeep Dhankar की नाथद्वारा मंदिर में दर्शन करते तबीयत बिगड़ी, मंदिर में ऑक्सीजन दी, उदयपुर ले गए

 

Rudra News Express Nathdwara-Udaipur. 

राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा में प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन करने पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मंगला झांकी के दर्शन के बाद उन्हें घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद मंदिर परिसर में ही उन्हें तत्काल ऑक्सीजन दी गई। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से उन्हें श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनकी जांच कर उपचार किया।

जानकारी के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी के साथ राजसमंद जिले के दौरे पर थे। इसी दौरान वे गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। उन्होंने सुबह 5:45 बजे प्रभु श्रीनाथजी की मंगला झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद सुबह करीब 7 बजे मंदिर परंपरा के अनुसार तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित और मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें उपरना ओढ़ाया गया और प्रसाद भेंट किया गया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान अचानक जगदीप धनखड़ को घबराहट महसूस होने लगी। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल कुर्सी पर बैठाया गया। स्थिति को देखते हुए मंदिर परिसर में ही उन्हें ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए श्री गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इस दौरान उन्हें ऑक्सीजन भी दी गई। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति पर नजर रखी। उपचार के बाद जब उन्होंने बेहतर महसूस किया तो उदयपुर के लिए रवाना हो गए। अस्पताल से रवाना होने के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति सीधे उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचे।

FROM AROUND THE WEB