Movie prime

Governer Transfer- Posting: प. बंगाल के राज्यपाल का इस्तीफा मंजूर, बिहार में ले. जनरल (से.नि.) सैयद अता हसनैन को जिम्मेदारी

 

RNE NEW DELHI 

देश के कई राज्यों में राज्यपाल और उपराज्यपाल स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राष्ट्रपति ने सी.वी. आनंद बोस का पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही कई राज्यों में नए राज्यपालों और उपराज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की गई है।

जारी आदेश के अनुसार शिव प्रताप शुक्ला, जो वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल हैं, उन्हें तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है।
इसी क्रम में नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है।
इसके अलावा आर.एन. रवि, जो वर्तमान में तमिलनाडु के राज्यपाल हैं, उन्हें पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, जो केरल के राज्यपाल हैं, उन्हें तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में कविंदर गुप्ता, जो लद्दाख के उपराज्यपाल हैं, उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। विनय कुमार सक्सेना, जो दिल्ली के उपराज्यपाल हैं, उन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है। वहीं पूर्व भारतीय राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार सभी नियुक्तियां संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने पद का कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।
किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी : 
आर.एन. रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल
सैयद अता हसनैन बिहार के राज्यपाल
जिष्णु देव वर्मा महाराष्ट्र के राज्यपाल
शिव प्रताप शुक्ला तेलंगाना के राज्यपाल
नंद किशोर यादव नागालैंड के राज्यपाल
कविंदर गुप्ता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल
विनय कुमार सक्सेना लद्दाख के उपराज्यपाल
तरनजीत सिंह संधू दिल्ली के उपराज्यपाल

FROM AROUND THE WEB