Hema Malini ऑटो से मीटिंग में पहुंची, खाने की थाली लॉन्च की, विकास से जुड़े ऐसे सवाल उठाए कि सकपका गए अधिकारी
RNE Mathura.
"बसंती तांगेवाली" शब्द के साथ ही जेहन में उभरती है कि ड्रीम गर्ल हेममालिनी की शोले फिल्म वाली तस्वीर। यही बसंती यानी हेम मालिनी अब राजनीति में हैं। मथुरा से सांसद हैं। सांसद के तौर पर मीटिंगे लेती हैं, दौरे करती है। इस बीच एक बार फिर मथुरा में हेमा का ऐसा अंदाज नजर आया कि लोग देखकर रोमांचित हो गए। यह अंदाज था ई रिक्शा की सवारी।

दरअसल मथुरा में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सांसद हेमा मालिनी और सह-अध्यक्षता सांसद तेजवीर सिंह ने की। इस बैठक में शामिल होने हेमा ऑटो से पहुंची। यह पीएम मोदी के उस संदेश का असर था जिसमें कहा गया है कि पेट्रोल बचाओ।

इस मौके पर सांसद हेमा मालिनी ने “सखी अन्नपूर्णा किचन” सेवा का शुभारंभ किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे भोजन की सराहना की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देते हुए ई-रिक्शा से बैठक में पहुंचकर लोगों को प्रेरित किया।

बैठक में जनपद की समस्याओं, विकास कार्यों, जाम और बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने बरेली-पीलीभीत-भरतपुर हाईवे पर अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताई और इसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नई कॉलोनियों में बिजली और पानी की सुविधा पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वृंदावन में बढ़ते ट्रैफिक जाम को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर समाधान के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बातचीत की जानकारी दी गई। बैठक में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

