Movie prime

Haridwar में Somwati Amavasya पर  सुबह 4 बजे से गंगा स्नान का सिलसिला, लाखों ने लगाई आस्था की डुबकी; सुरक्षा के लिए 6 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टर बनाए

 आस्था का सैलाब उम, जहां तक नजर जाएं लोग ही नजर आएं 

 

RNE Haridwar. 

सोमवती अमावस्या के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को आस्था का विराट जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर की पैड़ी समेत सभी प्रमुख गंगा घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। जहां तक नजर गई, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ ही दिखाई दी। अधिमास में पड़ने वाली इस विशेष सोमवती अमावस्या पर देशभर से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए हरिद्वार पहुंचे।

विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :

सुबह चार बजे से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना, तर्पण और दान-पुण्य किया।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन गंगा में स्नान करने से पापों का नाश होता है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं। इसी आस्था के चलते हरिद्वार के सभी प्रमुख घाटों पर दिनभर भारी भीड़ बनी रही।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे मेला क्षेत्र को 6 सुपर जोन, 16 जोन और 46 सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है। घाटों, प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पूरे दिन बना रहा श्रद्धालुओं का रेला : 

हर की पैड़ी, मालवीय घाट, सुभाष घाट और आसपास के सभी गंगा तटों पर श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों ने पितरों के निमित्त तर्पण और दान-पुण्य भी किया।

FROM AROUND THE WEB