RudraNewsExpress_Logo

Inflation in India : भारत में खुदरा महंगाई 6.09%, प्याज 116.22% महंगा, खाने-पीने की चीजें सबसे ज्यादा 8.94% महंगी!

भारत में खुदरा महंगाई दर RBI की 6% की ऊपरी सीमा पार कर 6.09% पर पहुंच गई। 
खाने-पीने की चीजों की महंगाई सबसे ज्यादा 8.94% रही। 
राजस्थान में खुदरा महंगाई 5.89% पर पहुँच गई। 
एक महीने में महंगाई का आंकड़ा 0.55% बढ़ा 
आम लोगों की रसोई का बजट सबसे ज्यादा प्रभावित 
 
 

Rudra News Express New Delhi. 

भारत में रिकॉर्ड तोड़ महंगाई ने एक बार फिर आम आदमी की चिंता बढ़ा दी। अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09% पर पहुंच गई जो कि रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से निर्धारित 6% की ऊपरी सीमा से भी अधिक है। सितंबर में खुदरा महंगाई दर 5.54% थी। यानी एक महीने में इसमें 0.55 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की ओर से 12 नवंबर को जारी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर 8.94% रही। सितंबर में यह 7.74% थी। इससे साफ है कि आम लोगों की रसोई का बजट सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।

प्याज 116% के पार, आलू सस्ते  : 
महंगी होने वाली चीजों में सबसे ऊपर प्याज है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्याज की महंगाई दर 116.22% रही। सितंबर में यह 108.13% थी। इसके अलावा लहसुन 60.74%, चांदी के आभूषणों की 52.39%, अदरक की 48.32% और नींबू की 47.30% दर्ज की गई। आलू,  फूलगोभी, नारियल, बैंगन, पत्तागोभी सस्ते हुए। 

गांवों में असर ज्यादा : 

रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों की खुदरा महंगाई दर 6.63% रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.41% दर्ज की गई। खाद्य महंगाई भी ग्रामीण क्षेत्रों में 9.09% और शहरी क्षेत्रों में 8.68% रही। ऐसे में कहा जा सकता है कि महंगाई का दबाव ग्रामीण उपभोक्ताओं पर शहर से ज्यादा है। 

तमिलनाडु सबसे महंगा, मिजोरम सस्ता, राजस्थान ठीक-ठाक : 

सबसे ज्यादा महंगाई वाले 05 राज्यों की गिनती करें तो तमिलनाडु    7.29% के साथ सबसे महंगाई की मार झेलने वाला राज्य है। इसके बाद तेलंगाना 7.26%, आंध्र प्रदेश 7.25%, मध्य प्रदेश 7.19%, ओडिशा 7.17% के साथ देश के सबसे ज्यादा महंगाई वाले राज्यों में शामिल हैं। हालांकि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को मिलाकर देखें तो सबसे ज्यादा महंगाई पुडुचेरी में 7.96% रही।


ये 05 राज्य सस्ते : 
अक्टूबर की खुदरा महंगाई डर के लिहाज से  मिजोरम 2.85% के साथ सबसे सस्ता रहा। इसके साथ ही मेघालय 3.63%, नागालैंड    3.66%, दिल्ली 3.80%, अरुणाचल प्रदेश 4.33% के साथ कम महंगाई डर वाले राज्यों में टॉप है। 

राजस्थान औसत के पास : 
राजस्थान सर्वाधिक महंगाई वाले राज्यों में तो नहीं है लेकिन कम वालों में शामिल नहीं। यहाँ 5.89% खुदरा महंगाई दर्ज की गई है जो कि देश की औसत महंगाई दर 6.09% के लगभग पास है। राज्य में ग्रामीण महंगाई 6.33% और शहरी महंगाई 5.09% दर्ज की गई।

क्या है  RBI की तय सीमा जिससे ऊपर पहुंची महंगाई : 

RBI की महंगाई नियंत्रण व्यवस्था में खुदरा महंगाई का लक्ष्य 4% रखा गया है, जबकि इसकी स्वीकार्य सीमा 2% से 6% तक है। अक्टूबर में 6.09% की दर के साथ महंगाई इस ऊपरी सीमा से बाहर निकल गई है। नवंबर 2026 के CPI आंकड़े 14 दिसंबर को जारी किए जाने प्रस्तावित हैं।

FROM AROUND THE WEB