International Yoga Day 03 दिन दूर, Bikaner के जूनागढ़ किले में योग शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दिया अनोखा संदेश
RNE Bikaner.
बीकानेर के ऐतिहासिक जूनागढ़ किले में गुरुवार को एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब योग शिक्षकों और विद्यार्थियों ने योग मुद्राओं के माध्यम से "3" की आकृति बनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसे देखने वाले कई लोग उत्सुक रहे कि आखिर यह विशेष आकृति क्यों बनाई गई।

दरअसल, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा और गुरुवार को इस आयोजन में ठीक तीन दिन शेष थे। इसी संदेश को रचनात्मक तरीके से जन-जन तक पहुंचाने के लिए राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने जूनागढ़ परिसर में योगाभ्यास करते हुए "3" का स्वरूप बनाया।
योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष शेषमा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग दिवस से जोड़ना और नियमित योगाभ्यास के प्रति प्रेरित करना था। योग शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन और प्रोटोकॉल का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया।

‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ पर रहेगा फोकस :
आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "योगा फॉर हेल्दी एजिंग" रखी गई है। इसके तहत जिलेभर में योग जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर और सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं।

21 जून को करणी सिंह स्टेडियम में मुख्य आयोजन :
जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह 21 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होगा। इसके अलावा सभी ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विशेष योग कार्यक्रम होंगे।

