Movie prime

Mathura : गौतस्करी की आशंका में गाड़ी रोक रहे फरसा बाबा का राजस्थान नंबर के ट्रक से कुचलने पर निधन

 

RNE Network Mathura. 

मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए एक सड़क हादसे ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचलकर मौत के बाद गुस्साई भीड़ सड़कों पर उतर आई। भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिससे हालात कुछ समय के लिए बेकाबू हो गए। एकबारगी मौके से पुलिस को भागना भी पड़ा। 

घटना नवीपुर गांव के पास की है, जहां देर रात करीब 3–4 बजे ‘फरसा वाले बाबा’ ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान घने कोहरे में पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और विरोध में हाईवे जाम कर दिया। उग्र भीड़ ने पुलिस पर पत्थर बरसाए, जिससे कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात ऐसे बने कि पुलिस को कुछ समय के लिए पीछे हटना पड़ा। हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात कई घंटे तक ठप रहा।

मामले पर उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में हत्या जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। उनके अनुसार, जिस ट्रक को रोका गया था उसमें साबुन व अन्य सामान मिला, जबकि राजस्थान नंबर के ट्रक में तार लदे हुए थे।

वहीं मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि घने कोहरे के कारण पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने साफ किया कि मामले में गोतस्करी से जुड़ी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि क्लीनर से पूछताछ जारी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर काबू पा लिया गया है और जाम खुलवा दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

FROM AROUND THE WEB