मथुरा : द्वारकाधीश मंदिर में गोबर का गोवर्धन बनाया, जयकारों से मंदिर गूंजा!
Rudra News Express Mathura.
मथुरा के पुष्टिमार्गीय द्वारकाधीश मंदिर में गोवर्धन महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में गाय के गोबर से गोवर्धन महाराज की विशाल आकृति बनाई गई, जिसके दर्शन और पूजा के लिए दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

दरअसल मथुरा में गोवर्धन पूजा का पर्व भक्ति भाव और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। धर्मनगरी के मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने गौ माता के साथ गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की।

मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का अहंकार दूर करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी कनिष्ठ उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाया था। इसी प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर गोबर से उनकी पूजा की जाती है। मथुरा सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।

