मिथुन का ममता सरकार पर हमला "बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे"
Abhishek Purohit- RNE West Bangal Desk

RNE Kolkata (West Bengal).
"बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे" सरीखे शब्दबाणों से ममता सरकार पर हमला बोलने वाले "महागुरु" मिथुन चक्रबर्ती बंगाल में भाजपा की परिवर्तन यात्राओं के जरिए जबरदस्त भीड़ खींच रहे हैं। रोड़ शो में उन्हें देखने जहां सड़कों पर भीड़ उमड़ रही हैं वहीं लोग घरों की खिड़कियों-छतों पर भी लोग खड़े नजर आते हैं। फिल्म अभिनेता के तौर खास पहचान रखने वाले मिथुन की रैलियों में भी लोग सुनने के लिए घंटों इंतजार करते हैं।
दरअसल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान तेजी से बढ़ गया है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ‘परिवर्तन यात्रा’ के जरिए सत्ता परिवर्तन का माहौल बनाने में जुटी है, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सरकार की योजनाओं और राजनीतिक रणनीति के दम पर मुकाबले की तैयारी में हैं। इस चुनावी जंग में भाजपा ने अभिनेता और पार्टी नेता मिथुन चक्रवर्ती को बड़ा चेहरा बनाकर मैदान में उतारा है, जिससे मुकाबला अब ‘दा बनाम दीदी’ के रूप में चर्चा में है।

परिवर्तन यात्रा में उमड़ रही भीड़ :
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान मिथुन चक्रवर्ती की रैलियों में भारी भीड़ देखी जा रही है। 6 मार्च को हावड़ा में आयोजित रैली में उन्हें देखने और सुनने के लिए सैकड़ों लोग जुटे। कई लोग अपने घरों की खिड़कियों और छतों पर खड़े होकर ‘मिथुन दा’ की एक झलक पाने को उत्साहित दिखाई दिए। रैली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और राज्यसभा सदस्य समीक भट्टाचार्य समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
ममता सरकार पर तीखे हमले :
सभा को संबोधित करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। सरकार की नीतियों के कारण प्रशासन का राजनीतिकरण हो रहा है। जनता अब बदलाव चाहती है और इस बार राज्य में परिवर्तन अनिवार्य है। उन्होंने भाजपा को ही इस बदलाव का विकल्प बताते हुए लोगों से समर्थन की अपील की।
नगर निगम चुनाव में देरी क्यों :
भाजपा नेताओं ने हावड़ा नगर निगम चुनाव में देरी पर भी सवाल उठाए। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि चुनाव नहीं होने से शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पिलखाना क्षेत्र में एक व्यापारी की हत्या का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। इस दौरान समीक भट्टाचार्य ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के पास “हिंसा के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है” और राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है।

यात्रा में नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह:
परिवर्तन यात्रा के दौरान भाजपा समर्थकों ने जगह-जगह स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं संजय सिंह, उमेश राय, ओम प्रकाश सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के अंतिम चरण में भाजपा नेता मनोज तिवारी और दिलीप घोष भी शामिल हुए।
क्या ‘महागुरु’ की लोकप्रियता भाजपा के लिए वोट में बदलेगी :

मिथुन चक्रवर्ती को उनके लंबे फिल्मी करियर और लोकप्रियता के कारण ‘मिथुन दा’ और ‘महागुरु’ के नाम से जाना जाता है। Disco Dancer से मिली लोकप्रियता और रियलिटी शो Dance India Dance में ग्रैंडमास्टर की भूमिका ने उन्हें नई पीढ़ी में भी खास पहचान दिलाई। तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और कई फिल्मफेयर पुरस्कार जीत चुके मिथुन चक्रवर्ती का स्टार पावर भाजपा के लिए चुनावी अभियान में बड़ा हथियार माना जा रहा है। ऐसे में बंगाल की सियासत में इस बार मुकाबला ‘मिथुन दा बनाम दीदी’ के रूप में और दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है। देखना यह है कि महागुरु की यह लोकप्रियता भाजपा के लिए वोट के रूप में तब्दील हो पाती है या नहीं!

