Movie prime

Modi-Meloni साथ घूमे, फोटो खिंचवाई, मोदी ने मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की, वायरल हो रहे फोटो, वीडियो

“मोदी-मेलोनी मोमेंट” और “मेलोडी डिप्लोमेसी”

 

RNE Special News. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात इस बार सिर्फ कूटनीतिक चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि दोनों नेताओं की दोस्ताना कैमिस्ट्री भी खूब चर्चा में है। दोनों नेताओं ने रोम में एक साथ काफी समय बिताया और उनके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :

पीएम मोदी और मेलोनी एक ही कार में रोम की सड़कों पर घूमते नजर आए। दोनों ने करीब 2000 साल पुराने ऐतिहासिक कोलोजियम का दौरा किया और बालकनी में खड़े होकर रोम शहर का खूबसूरत नजारा भी देखा। इस दौरान दोनों बेहद सहज और खुश नजर आए।

सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई जब पीएम मोदी ने मेलोनी को भारतीय टॉफी ‘मेलोडी’ गिफ्ट की। मेलोनी ने खुद इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए “बहुत-बहुत अच्छी मेलोडी टॉफी” लेकर आए हैं।

दोनों नेताओं ने साथ डिनर भी किया और कई अहम वैश्विक व द्विपक्षीय मुद्दों पर अनौपचारिक बातचीत की। मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी शेयर करते हुए लिखा — “Welcome my friend.”

पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और इटली की दोस्ती को और मजबूत बनाने पर चर्चा जारी रहेगी।

दोनों नेताओं की सहजता, दोस्ताना अंदाज और साथ बिताए पलों के वीडियो इंटरनेट पर जमकर शेयर किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इसे “मोदी-मेलोनी मोमेंट” और “मेलोडी डिप्लोमेसी” जैसे नाम दे रहे हैं।

 “स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप” : 

सूत्रों के मुताबिक, भारत और इटली अपने रिश्तों को “स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने पर विचार कर रहे हैं। दोनों देश भविष्य में नियमित वार्षिक बैठकें शुरू करने की दिशा में भी काम कर सकते हैं। भारत और इटली के बीच व्यापार वर्तमान में 14 अरब यूरो से अधिक का है। दोनों देश रक्षा, ऊर्जा, फार्मा, ऑटोमोबाइल, मशीनरी और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं।

उद्योगपतियों से भी मिलेंगे मोदी : 

पीएम मोदी इटली के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और नई औद्योगिक साझेदारियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा दोनों नेता मिडिल ईस्ट तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, एनर्जी सिक्योरिटी और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे अहम वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत करेंगे।

2024 में भी इटली गए थे मोदी : 

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जून 2024 में जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने इटली गए थे। इस बार का इटली दौरा उनके 15 मई से शुरू हुए पांच देशों के विदेश दौरे का आखिरी चरण है। इससे पहले वे UAE, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा कर चुके हैं।

FROM AROUND THE WEB