RudraNewsExpress_Logo

Mumbai Court का वसूली वारंट : देवेन्द्र स्वामी की बीकानेर के करमीसर, हनुमानगढ़ की जमीन कुर्क करो, पैसा वसूलो!

चेक बाउंस के मामलों में 1.66 करोड़ अंतरिम मुआवजा नहीं चुकाने पर कार्रवाई
 
 

Rudra News Express Desk. 

मुंबई की एक अदालत ने बीकानेर निवासी देवेंद्र द्वारकादास स्वामी की राजस्थान स्थित संपत्तियों को कुर्क करने और इससे पैसा वसूलने का निर्देश बीकानेर और हनुमानगढ़ के जिला कलेक्टर को दिया है। चेक बाउंस के दो मामलों में 1 करोड़ 66 लाख 40 हजार रुपये का अंतरिम मुआवजा नहीं चुकाने पर इस कार्रवाई के आदेश हुए हैं। अदालत ने स्वामी की जमीनें कुर्क कर बकाया रकम वसूलने के लिए वारंट जारी किए हैं। इनमें बीकानेर के चकगर्बी और करमीसर स्थित करीब 19 बीघा जमीन तथा हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा स्थित दो भूखंड शामिल हैं।

पारस किशोरभाई अजमेरा की ओर से देवेंद्र स्वामी के खिलाफ की गई शिकायत पर मुंबई के बैलार्ड पियर 33वीं अदालत ने यह निर्देश दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के.के. माने ने  चैक बाउंस मामले में यह कार्रवाई की है।

अदालत के आदेश पर भी नहीं दिए थे पैसे : 

इस आदेश के मुताबिक अदालत ने दिसंबर 2025 में चेक की कुल राशि का 20 प्रतिशत अंतरिम मुआवजा 60 दिनों के भीतर जमा कराने का आदेश दिया था। पहले मामले में 80 लाख रुपये और दूसरे मामले में 86 लाख 40 हजार रुपये जमा कराने थे। शिकायतकर्ता ने अदालत को बताया कि आरोपी ने निर्धारित अवधि में रकम जमा नहीं की।
अंतरिम मुआवजे का भुगतान नहीं होने पर अदालत ने इसे जुर्माने की तरह वसूलने की प्रक्रिया अपनाई। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 461 के तहत दाखिल आवेदन पर सुनवाई के बाद अदालत ने वसूली वारंट जारी करने का आदेश दिया।

बीकानेर-हनुमानगढ़ कलेक्टर को ये आदेश : 

बीकानेर जिला कलेक्टर को चकगर्बी और करमीसर क्षेत्र में तीन जमीनों को कुर्क कर 80 लाख रुपये की वसूली करने के लिए अधिकृत किया गया है। हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर को पीलीबंगा स्थित दो भूखंडों से 86 लाख 40 हजार रुपये वसूलने के निर्देश दिए गए हैं। अदालत ने दोनों जिला कलेक्टरों को कार्रवाई में देरी नहीं करने और अनुपालन की रिपोर्ट देने को कहा है। अगली सुनवाई 14 दिसंबर 2026 को निर्धारित है।

FROM AROUND THE WEB