नवी मुंबई देश का सबसे स्वच्छ शहर, सूरत दूसरे, विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर!
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : राष्ट्रपति मुर्मू ने दिए स्वच्छता पुरस्कार, विशाखापट्टनम 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में अव्वल; उज्जैन और देवास ने भी मारी बाजी
Rudra News Express New Delhi.
नवी मुंबई ने देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वच्छ शहर वर्ग में सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में विजेता शहरों को सम्मानित किया।
4,751 से अधिक शहर, अलग-अलग वर्ग :
स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार देशभर के 4,751 से अधिक शहरों को शामिल किया गया था। शहरों का मूल्यांकन नागरिकों की प्रतिक्रिया, कचरा प्रबंधन, स्वच्छता सुविधाओं, जल प्रबंधन और सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न मानकों पर किया गया। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों को आबादी के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर पुरस्कार दिए गए।
जानिए किस श्रेणी में किस शहर ने बाजी मारी :
- राष्ट्रीय स्वच्छ शहर श्रेणी : नवी मुंबई प्रथम, सूरत द्वितीय और विजयवाड़ा तृतीय।
- 10 लाख से अधिक आबादी : विशाखापट्टनम प्रथम, जबलपुर द्वितीय और लखनऊ तृतीय।
- 3 से 10 लाख आबादी : उज्जैन प्रथम।
- 50 हजार से 3 लाख आबादी : देवास प्रथम, एनडीएमसी द्वितीय और सागर तृतीय।
- 20 हजार से 50 हजार आबादी : विटा प्रथम।
- 20 हजार से कम आबादी : बिल्हा प्रथम।
इसके अलावा रीवा को सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट, पुरी को सबसे स्वच्छ तटीय शहर और रुद्रपुर को सबसे स्वच्छ हिमालयी शहर घोषित किया गया।
अहमदाबाद-सानंद स्वच्छ शहर जोड़ी :
इस बार स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में भी पुरस्कार दिए गए। इसमें अहमदाबाद को सर्वश्रेष्ठ मेंटर शहर और सानंद को सर्वश्रेष्ठ मेंटी शहर घोषित किया गया।
मध्यप्रदेश के 9 शहरों ने बाजी मारी :
मध्यप्रदेश नौ शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला। जबलपुर ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया। उज्जैन 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में पहले स्थान पर रहा। देवास ने 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों में पहला स्थान प्राप्त किया। सागर और बुदनी को तीसरा स्थान मिला। रीवा को स्वच्छ रिवर फ्रंट श्रेणी में पहला स्थान और ग्वालियर को स्वच्छ सिटी अवार्ड मिला। इंदौर और देपालपुर की जोड़ी ने स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।
73 शहरों से शुरू हुआ सफर, अब 4,751 से अधिक शामिल :
वर्ष 2016 में केवल 73 शहरी स्थानीय निकायों से स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत हुई थी। अब इसके दसवें संस्करण में 4,751 से अधिक शहर शामिल हो चुके हैं। इस वर्ष मूल्यांकन के लिए 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतक निर्धारित किए गए थे। इनमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता सुविधाएं, प्रयुक्त जल प्रबंधन, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया जैसे विषय शामिल रहे।

