Movie prime

Petrol - Diesel Price Hike: 10 दिन में चौथी बार झटका, पेट्रोल ₹7.35 और डीजल ₹7.82 महंगा

 

RNE New Delhi.

महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को सोमवार को फिर बड़ा झटका लगा, जब सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। ताजा बढ़ोतरी के बाद 15 मई से अब तक पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।

सोमवार को पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की लगातार ऊंची कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी को इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह माना जा रहा है।

तेल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है, जबकि रुपये में गिरावट से आयात लागत लगातार बढ़ रही है। इसके कारण सरकारी तेल विपणन कंपनियों पर भारी वित्तीय दबाव बना हुआ है।

पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक पिछली बढ़ोतरी के बाद भी तेल कंपनियों को प्रतिदिन करीब 750 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं रेटिंग एजेंसी CRISIL के अनुमान के अनुसार मौजूदा दरों पर भी कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 10 रुपये और डीजल पर लगभग 13 रुपये प्रति लीटर की अंडर-रिकवरी हो रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहीं और रुपये में कमजोरी जारी रही तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी को शुरुआत में अस्थायी माना गया था, लेकिन मौजूदा हालात से संकेत मिल रहे हैं कि यह दबाव अभी जारी रह सकता है।

मई में कब-कब बढ़े दाम : 

  • 15 मई : करीब 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी
  • 19 मई : 90 पैसे प्रति लीटर बढ़े दाम
  • 23 मई : पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे महंगा
  • 25 मई : पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा

FROM AROUND THE WEB