UPI लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट लागू करने की तैयारी, निर्मला सीतारमण बोली- छोटे लेनदेन फ्री रहेंगे
MDR पर अंतिम फैसला NPCI की अध्यक्षता वाली UPI और सेवा संचालन समिति करेगी
Rudra News Express New Delhi.
UPI से रोजाना भुगतान करने वाले करोड़ों लोगों के लिए यह काम की खबर है। UPI लेनदेन पर शुल्क लगने की लगातार आ खबरों के बीच छोटे लेनदेन करने वालों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आम उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारियों के लिए UPI लेनदेन पहले की तरह मुफ्त रहेगा। यानी छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम लोगों से UPI भुगतान के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
FM निर्मला ने कही ये बात:
भुगतान और निपटान प्रणाली कानून में हालिया संशोधन के बाद UPI लेनदेन पर शुल्क लगाए जाने को लेकर चर्चाएं तेज थीं। इन आशंकाओं के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यसभा में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि आम UPI उपयोगकर्ताओं पर कोई शुल्क या कर लगाने का प्रस्ताव नहीं है।
वित्त मंत्री ने कहा कि छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए UPI पहले की तरह मुफ्त रहेगा। इससे छोटे कारोबारियों और डिजिटल भुगतान करने वाले आम ग्राहकों को राहत मिली है।
जानिए किसे राहत:
इसका मतलब है कि रोजमर्रा की छोटी खरीदारी—जैसे किराना, चाय-नाश्ता, सब्जी, फल या अन्य सामान के लिए किए जाने वाले सामान्य UPI भुगतान—पर ग्राहक से कोई अतिरिक्त शुल्क लेने की व्यवस्था नहीं की गई है।
क्या बड़े कारोबारियों के UPI भुगतान पर लगेगा MDR?
सरकार के स्पष्टीकरण के मुताबिक, एक निश्चित सीमा से अधिक के कुछ व्यापारी लेनदेन पर मामूली Merchant Discount Rate (MDR) लागू किया जा सकता है।
हालांकि, फिलहाल इसे सभी UPI लेनदेन पर लागू शुल्क समझना सही नहीं होगा। MDR किन लेनदेन पर और किस दर से लागू होगा, इसका अंतिम फैसला संबंधित व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
MDR पर कौन लेगा अंतिम फैसला?
MDR को लेकर अंतिम निर्णय NPCI की अध्यक्षता वाली UPI और सेवा संचालन समिति करेगी। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि हर UPI भुगतान पर कोई शुल्क लगने वाला है।
सरकार का क्या है तर्क?
सरकार के अनुसार, कानून में किए गए बदलावों का उद्देश्य UPI व्यवस्था को लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनाना है। वित्त मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि संशोधन में UPI से भुगतान करने वाले आम लोगों पर कोई नया कर लगाने का प्रस्ताव नहीं है।
आम UPI यूजर के लिए क्या बदला?
फिलहाल राहत: आम उपभोक्ताओं और छोटे कारोबारियों के UPI भुगतान मुफ्त रहेंगे।
छोटे लेनदेन: छोटे भुगतान पर शुल्क लगाने की बात नहीं है।
बड़े व्यापारी लेनदेन: निर्धारित सीमा से ऊपर के कुछ लेनदेन पर MDR की संभावना है।
अंतिम फैसला: MDR की सीमा और व्यवस्था पर अंतिम निर्णय संबंधित UPI एवं सेवा संचालन समिति करेगी।

