बारिश और हादसे : मस्जिद की दीवार के सहारे आश्रय लेकर बैठे परिवार पर काल बनकर गिरी दीवार, 03 की मौत, 02 गंभीर
Rudra News Express.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। खुर्जा क्षेत्र के मुंडाखेड़ा गांव में मस्जिद की दीवार गिरने से एक ही परिवार के छह लोग मलबे में दब गए।
घटना के समय मस्जिद की दीवार के सहारे लगे टेंट के नीचे दो परिवार के लोग बैठे हुए थे। लगातार बारिश के कारण अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 45 वर्षीय सलीम और उनके 10 वर्षीय भांजे आजाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं सलीम की पत्नी 42 वर्षीय फुल्लो, पुत्र रिजवान, पुत्री जैनब और पुत्री नजरीना घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान फुल्लो की भी मौत हो गई। अन्य घायलों में दो की हालत सामान्य बताई गई है, जबकि दो को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

