Movie prime

राम मंदिर चढ़ावा घोटाला: 8 आरोपियों के घरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 79.85 लाख बरामद, अब संपत्ति और ट्रांजेक्शन की खंगाल रही पुलिस

 


RNE Ayodhya.

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन और चोरी के बहुचर्चित मामले में अयोध्या पुलिस ने जांच तेज करते हुए शुक्रवार को आठ गिरफ्तार आरोपियों के घरों और ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर पहुंचकर तलाशी ली और मामले से जुड़े दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों तथा अन्य अहम सुराग जुटाने की कार्रवाई की।

पुलिस की छापेमारी रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव, अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रामशंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव के घरों व अन्य ठिकानों पर की गई।

79.85 लाख की बरामदगी : 

पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में 79.85 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई स्थानीय मजिस्ट्रेट की मौजूदगी और पुलिस की छह विशेष टीमों के समन्वय से की गई। जांच एजेंसियां आरोपियों की संपत्ति, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही हैं, ताकि गबन के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

चढ़ावे में हेराफेरी का आरोप : 

जांच के मुताबिक श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नकद दान और कीमती सामानों की गिनती के दौरान कथित हेराफेरी और गबन का मामला सामने आया था। इसी मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस मांग सकती है रिमांड : 

सूत्रों के अनुसार पुलिस अब आरोपियों की कस्टोडियल रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि पूछताछ के जरिए धन के प्रवाह, अन्य संभावित आरोपियों और पूरे षड्यंत्र की परतें खोली जा सकें। जांच अभी जारी है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

FROM AROUND THE WEB