Movie prime

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में किसान के खेत में मिला दुर्लभ स्टार टॉर्टॉइज़

IUCN की रेड लिस्ट में शामिल है यह दुर्लभ प्रजाति

 

RNE Network, पन्ना (मध्यप्रदेश)

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। जिले के देवेंद्रनगर क्षेत्र में एक किसान के खेत में दुनिया की दुर्लभ प्रजातियों में शामिल भारतीय तारा कछुआ (Star Tortoise) मिला है। इस दुर्लभ जीव के मिलने से वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में उत्साह है।

जानकारी के अनुसार देवेंद्रनगर के वार्ड क्रमांक-12 निवासी किसान महेंद्र प्रजापति को खेत में एक अनोखा कछुआ दिखाई दिया। कछुए की पीठ पर बनी पीले रंग की तारानुमा आकृतियों को देखकर उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कछुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

वैज्ञानिक नाम “जियोकलोंन एलिगेंस” : 

इस दुर्लभ प्रजाति को वैज्ञानिक भाषा में “जियोकलोंन एलिगेंस” (Geochelone elegans) कहा जाता है। इसकी सबसे बड़ी पहचान इसकी पीठ पर बनी सितारे जैसी पीली आकृतियां हैं, जिसके कारण इसे “स्टार टॉर्टॉइज़” या “तारा कछुआ” कहा जाता है।

संकटग्रस्त श्रेणी में शामिल : 

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह प्रजाति अवैध तस्करी और शिकार के कारण तेजी से खत्म होती जा रही है। यही वजह है कि इसे अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) की रेड लिस्ट में संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल किया गया है।

सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा : 

वन विभाग ने बताया कि कछुए का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने के बाद इसे उसके प्राकृतिक और सुरक्षित आवास में छोड़ा जाएगा, ताकि इस दुर्लभ प्रजाति का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की दुर्लभ प्रजातियों का मिलना जैव विविधता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण संकेत है।

FROM AROUND THE WEB