कोर्ट ने कहा, सोनम वांगचुक की जिंदगी कीमती है, बिगड़ती तबीयत पर दिल्ली हाईकोर्ट का रुख बहुत सख्त
RNE Network.
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा निश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने कहा है कि सोनम वांगचुक की जान बेहद कीमती है और उनकी सेहत को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। मुख्य न्यायाधीश डी के उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की पीठ ने सोनम वांगचुक को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग वाली जनहित याचिका पर सुनवाई की।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा कि क्या सोनम वांगचुक का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है ? इस पर सॉलिसिटर जनरल ने अदालत को बताया कि जब से वांगचुक ने इसकी अनुमति दी है, तब से उनका नियमित हेल्थ चेकअप किया जा रहा है। इस पर हाईकोर्ट ने आदेश दिया कि सोनम वांगचुक का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा किया जाए।
अदालत ने यह भी कहा है कि उनकी रोजाना हेल्थ मोनिटरिंग की जाए और अगर उनकी सेहत में किसी तरह की गिरावट आती है तो डॉक्टरों की सलाह के अनुसार तुरन्त उचित चिकित्सा कदम उठाएं। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा, सोनम वांगचुक की जिंदगी कीमती है। इस पर सॉलिसिटर जनरल ने जवाब दिया कि हर इंसान की जिंदगी बहुमूल्य है।
वांगचुक का अनेक ने किया समर्थन:
देश के अनेक लोगों ने सोनम वांगचुक की मांग का समर्थन किया है। उनका समर्थन करने वालों में विपक्ष के नेताओं के अलावा कलाकार, फिल्म अभिनेता, लेखक, सोशल एक्टिविस्ट, पत्रकार आदि शामिल हैं। इन लोगों ने वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की है। मगर वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर डटे है।

