1926 से देश की सैन्य चिकित्सा सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही MNS को समर्पित होगा विशेष सिक्का
RNE News Express
नई दिल्ली। देश की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर तैनात सैन्य बलों से तो लगभग हर कोई परिचित है, लेकिन इन सैनिकों को हर कदम पर, हर आपात स्थिति में, दुर्घटनाओं के दौरान और युद्ध के समय चिकित्सा एवं नर्सिंग सेवाएं उपलब्ध कराने वाली एक महत्वपूर्ण इकाई के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। यह सेवा मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (Military Nursing Service—MNS) के नाम से जानी जाती है।
पिछले कई दशकों से सैन्य नर्सिंग सेवा की समर्पित टीम सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शांति तथा युद्ध, दोनों परिस्थितियों में पेशेवर नर्सिंग सेवाएं प्रदान करती रही है। सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं में MNS का योगदान भारतीय सशस्त्र बलों के इतिहास और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भारत सरकार इस महत्वपूर्ण सेवा के शताब्दी वर्ष का आयोजन कर रही है। इसी अवसर को यादगार बनाने के लिए एक विशेष ₹100 का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। 28 सितंबर 2026 को वित्त मंत्रालय द्वारा जारी गजट अधिसूचना में इस सिक्के की पुष्टि की गई है।
सिक्कों के संग्रह एवं अध्ययन से जुड़े प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत के अनुसार, इस स्मारक सिक्के का निर्माण भारत सरकार की कोलकाता टकसाल द्वारा किया जाएगा। सिक्के का कुल वजन 35 ग्राम होगा। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा तथा 5-5 प्रतिशत निकल और जस्ता का मिश्रण होगा। सिक्के का व्यास 44 मिलीमीटर होगा।
सिक्के के एक भाग पर MNS का लोगो और नर्स की आकृति
सुधीर लुणावत ने बताया कि सिक्के के एक तरफ मध्य में “100” का अंक प्रदर्शित किया जाएगा। इस “100” के डिजाइन के भीतर मिलिट्री नर्सिंग सर्विस का लोगो और नर्स की आकृति प्रदर्शित की जाएगी।
“100” की ऊपरी परिधि पर हिंदी में “मिलिट्री नर्सिंग सर्विस का शताब्दी समारोह” तथा निचली परिधि पर अंग्रेजी में “Centenary Celebration of Military Nursing Service” अंकित होगा। केंद्रीय डिजाइन के नीचे “1926-2026” लिखा जाएगा।
दूसरी तरफ होगा अशोक स्तंभ
सिक्के के दूसरे भाग के मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित होगा। इसके बाईं ओर देवनागरी में “भारत” तथा दाईं ओर अंग्रेजी में “INDIA” लिखा होगा। अशोक स्तंभ के ठीक नीचे ₹100 के रूप में सिक्के का मूल्यवर्ग प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रचलन में नहीं आएगा सिक्का
यह स्मारक सिक्का सामान्य मुद्रा के रूप में प्रचलन में नहीं आएगा, बल्कि संग्रहणीय स्मारक सिक्के के रूप में जारी किया जाएगा। इसके जारी होने के बाद इसे भारत सरकार की कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट/बिक्री व्यवस्था के माध्यम से खरीदा जा सकेगा।
मिलिट्री नर्सिंग सर्विस के 1926 से 2026 तक के 100 वर्षों के सफर को समर्पित यह सिक्का देश की सैन्य चिकित्सा व्यवस्था में नर्सिंग सेवा के योगदान और समर्पण की स्मृति को संजोने वाला एक महत्वपूर्ण संग्रहणीय स्मारक होगा।

