AIIMS Delhi में गर्भ में पल रहे बच्चे की रीढ़ का ऑपरेशन! छह घंटे चली सर्जरी, देश में ऐसी पहली ओपन फीटल सर्जरी
AIIMS New Delhi ने 25 सप्ताह के गर्भ में पल रहे शिशु की रीढ़ की गंभीर विकृति को ठीक करने के लिए देश की पहली ओपन फीटल सर्जरी की है। 30 डॉक्टर की टीम ने 06 घंटे लंबा ऑपरेशन किया। इसके पहले 05 सप्ताह तक तैयारी चली।
Rudra News Express New Delhi.
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स नई दिल्ली ने 25 सप्ताह के गर्भ में पल रहे शिशु की रीढ़ की गंभीर विकृति को ठीक करने के लिए देश की पहली ओपन फीटल सर्जरी की है। 12 नवंबर को की गई यह सर्जरी छह घंटे चली। इसमें स्पाइना बिफिडा के सबसे गंभीर रूप लम्बोसैक्रल माइलोमेनिंगोसील का उपचार किया गया।
रीढ़ के निचले हिस्से में विकृति, मस्तिष्क के पास लीकेज :
इस सर्जरी के जरिए गर्भ में ही शिशु की रीढ़ के निचले हिस्से में मौजूद उस विकृति को ठीक किया गया, जिससे मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के आसपास का तरल पदार्थ बाहर निकल रहा था। माइलोमेनिंगोसील ऐसी जन्मजात विकृति है, जिसमें रीढ़ की हड्डी और उसे ढकने वाली झिल्लियां रीढ़ में मौजूद खुले हिस्से से बाहर निकल आती हैं।
05 सप्ताह तक तैयारी :
इस सर्जरी से पहले पांच सप्ताह से अधिक समय तक विभिन्न विशेषज्ञों की टीम ने विस्तृत तैयारी की। इसमें भ्रूण की विशेष जांच, परामर्श, एनेस्थीसिया की तैयारी और सर्जरी का अभ्यास शामिल था। एम्स के न्यूरोसाइंसेज सेंटर में अत्याधुनिक माइक्रोस्कोप और लगातार अल्ट्रासाउंड की सहायता से यह सर्जरी की गई। इसमें प्रसूति और स्त्री रोग, मातृ-भ्रूण चिकित्सा, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोडायग्नोसिस और नवजात शिशु चिकित्सा विभागों के 30 से अधिक चिकित्सकों और नर्सों ने हिस्सा लिया।
एम्स ने बताया कि इस विकृति से प्रभावित बच्चों में लकवा, मस्तिष्क में पानी भरने और जीवनभर रहने वाली अन्य तंत्रिका संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञों ने यह भी स्पष्ट किया कि भ्रूण की सर्जरी केवल कुछ चुनिंदा मामलों में ही की जाती है। एम्स के अनुसार गर्भावस्था के शेष समय, प्रसव और जन्म के बाद मां तथा शिशु की विशेषज्ञों की टीम लगातार निगरानी करेगी। यह सर्जरी भारत सरकार के जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत परिवार को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

