Badri Nath Dham के कपाट कल सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर खुलेंगे, कुबेर जी की पवित्र उत्सव डोलियाँ पांडुकेश्वर से श्री बद्रीनाथ धाम पहुँची
RNE Chamoli.
भगवान बदरी विशाल के कपाट कल सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शीतकालीन प्रवास के उपरांत भगवान बद्री विशाल के प्रतिनिधि स्वरूप उद्धव जी और देवताओं के खजांची कुबेर जी की पवित्र उत्सव डोलियाँ योगध्यान बद्री मंदिर, पांडुकेश्वर से श्री बद्रीनाथ धाम पहुँच गईं। इस दिव्य आगमन के साथ ही धाम में कपाट खुलने की तैयारियों को और गति मिल गई है तथा सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा है।

आज प्रातःकाल योगध्यान बद्री मंदिर, पांडुकेश्वर में पारंपरिक पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात इस पावन यात्रा का शुभारंभ हुआ।

भारतीय सेना के बैंड की मधुर एवं भक्तिपूर्ण धुनों, “जय बद्री विशाल” के गगनभेदी जयकारों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यह पवित्र काफिला आगे बढ़ता रहा। कपाट खुलने के पूर्व बड़ी संख्या में धाम में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।

