RudraNewsExpress_Logo

जगमग अयोध्या देख योगी भाव विभोर : भगवान राम की अगवानी का उत्सव,  सरयू तट पर 30 लाख दीप झिलमिलाए!

 

 

Rudra News Express Ayodhya. 

दीपावाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की भव्य छटा देखने को मिली। राम की पैड़ी समेत सरयू के विभिन्न घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। आसमान में 2 हजार से अधिक ड्रोन से सजे भव्य नजारे ने दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। रंग-बिरंगी ड्रोन आकृतियों और शानदार लेजर शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


 दीपोत्सव कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दीपोत्सव के मौके पर पूरी अयोध्या राममय नजर आ रही है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से लेकर हनुमानगढ़ी तक हर जगह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु अपने आराध्य भगवान श्रीराम के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। श्रीराम मंदिर के प्रवेश द्वार को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। अलौकिक मंदिर और सरयू तट के भव्य दीपोत्सव ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।


 
अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भक्ति पथ, राम पथ और रामजन्मभूमि पथ आज पूरी दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी राम को अस्वीकार करते थे, वे भी अब राम को स्वीकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे सनातन विचारधारा की वैचारिक विजय बताया।


 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव 2026 को संबोधित करते हुए कहा, "आपने देखा है कि राम की पैड़ी पर आज लाखों दीपक जगमगा रहे हैं। ठीक 36 वर्ष पहले इसी सरयू नदी का जल राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था। अयोध्या की गलियों को जिन लोगों ने आज से 36 वर्ष पहले रक्तरंजित किया था, जो लोग राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा कर रहे थे, जिन्होंने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, वे आज फिर से सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं।

FROM AROUND THE WEB