Skip to main content

Kolayat : किनारे पर थैला दिखा, तालाब में ढूंढा तो बुजुर्ग का शव मिला

RNE Kolayat.

बीकानेर के कोलायत स्थित कपिल सरोवर में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। संतोषी माता मंदिर घाट के पास तालाब में डूबने से जान गँवाने वाले इस बुजुर्ग की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। यह दुर्घटना, आत्महत्या या कुछ और मामला है, इस बारे में भी अभी जानकारी नहीं मिली है।

कोलायत हैड कांस्टेबल लखपत सिंह के अनुसार ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि कपिल सरोवर के संतोषी माता मंदिर के पास एक बैग पड़ा है। ग्रामीणों ने सरोवर में किसी व्यक्ति के डूबने की आशंका जताई।

सूचना के बाद हैड कांस्टेबल लखपत सिंह व दौलत राम मौके पर पहुंचे। इस दौरान तैराक रमण शर्मा तथा एसडीआरएफ के जवान सरोवर में शव की तलाश करने लगे। काफी तलाश के बाद सरोवर में एक वृद्ध का शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान नहीं हुई :

कोलायत हैड कांस्टेबल लखपत सिंह का कहना है कि सरोवर किनारे रखे बैग से कोई आईडी नहीं मिली है जिससे शव की श्निाख्त की जा सके। शव को स्थानीय मुर्दाघर में रखवाया गया है। पुलिस अन्य थानों में मृतक की सूचना देकर शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।