Skip to main content

ओम माथुर, देवीसिंह भाटी, अर्जुनराम मेघवाल, अंशुमानसिंह ने आचार्य के निधन पर शोक जताया

RNE, BIKANER .

राजस्थान में भाजपा के संस्थापकों में से एक वरिष्ठ नेता एडवोकेट ओम आचार्य के असामयिक निधन पर देशभर के नेताओं ने श्रद्धांजलि व्यक्त की है।

ओमजी का निधन भाजपा के लिए क्षति : सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है, ओमजी के निधन की खबर दुखद है। उनका देवलोकगमन भाजपा परिवार के लिये अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे।

ओमजी सुख-दुख में काम आने वले नेता थे : राजे

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आचार्य के निधन को पार्टी के लिए क्षति बताया है। दिवंगत ओम आचार्य के पुत्र एडवोकेट जगदीश आचार्य को भेजे संदेश में राजे ने कहा है कि ओमजी ईमानदार, मिलनसार और सुख-दुख में काम आने वाले जननेता थे। उनका निधन भाजपा के लिए बड़ी क्षति है।

ओमजी के साथ सालों काम किया : ओम माथुर

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने ओम आचार्य के निधन पर दुख जताया है। माथुर ने कहा, भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे ओमजी ने मेरे साथ सालों संगठनात्मक काम किया। शांत, मृदुभाषी और मिलनसार थे। उनके निधन से भाजपा परिवार को नुकसान हुआ है।

दीया कुमारी ने जताया दुख :

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीयाकुमारी ने कहा है, ओमजी के निधन की सूचना अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों मंे स्थान दें। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ है।
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम बोले, ओमजी से मार्गदर्शन मिलता था।

केन्द्रीय मंत्री एवं बीकानेर से भाजपा के सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने भाजपा नेता ओम आचार्य के साथ अपनी एक अनौपचारिक मुलाकात का फोटो शेयर करते हुए उनके निधन पर दुख जताया है। मेघवाल का कहना है, आचार्यजी का जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। वे विभिन्न विषयों पर मेरा मार्गदर्शन करते थे।

देवीसिंह भाटी, अंशुमानसिंह भाटी ने दुख जताया :

पूर्व मंत्री एवं राजस्थान के कद्दावर नेता देवीसिंह भाटी और उनके पौत्र एवं कोलायत विधायक अंशुमानसिंह भाटी ने ओम आचार्य के निधन पर दुख जताया है। इन नेताओं का कहना है, बीकानेर संभाग के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेशमंत्री ओम आचार्य के निधन का समाचार दुखद है। वे भाजपा के संस्थापक सदस्य रहे और प्रारंभिक काल से लेकर वर्षों तक संगठन कार्य किया।

इन्होंने भी जताया दुख :

भाजपा के बीकानेर जिला प्रवक्ता एवं कुम्हार समाज भारतीय प्रजापति हीरोज आर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत भाजपा के संस्थापक सदस्य ओम आचार्य के निधन पर शोक जताया है। प्रजापत का कहना है, ओम जी ने बीकानेर में भाजपा को स्थापित करने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया ऐसे समर्पित और निष्ठावान नेता का आज हमें छोड़कर चले जाना निश्चित रूप से संपूर्ण भाजपा के लिए और बीकानेर के लिए अपूरणीय क्षति है।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व महामंत्री बनवारीलाल शर्मा का कहना है, ओमजी की मौजूदगी हमें एक संरक्षक जैसा संबल देने वाली थी। उनका जाना यूं लगता है कि जैसे हमने मार्गदर्शक को खो दिया है। उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता।

शहर भाजपा महामंत्री मोहन सुराणा ने ओम आचार्य के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया है। सुराणा का कहना है, उनका मार्गदर्शन और मौजूदगी हमेशा संगठनात्मक काम करते जाने को प्रोत्साहित करती रहे हैं।