Skip to main content

इंदिरा गांधी पर टिप्पणी के विरोध में सदन में विधायकों का धरना जारी रहा, भाजपा ने अपने विधायकों को 10:45 पर पहुंचने को कहा

RNE Network

आज से दो दिन अवकाश के बाद फिर शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में जोरदार हंगामा होना तय है। क्योंकि इंदिरा गांधी पर मंत्री की टिप्पणी व 6 कांग्रेस विधायकों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस विधायकों का सदन में धरना कल रात भी जारी रहा।

आज कांग्रेस व सत्ता पक्ष दोनों को पता है कि जोरदार टकराहट होगी, इसलिए दोनों ने ही अपनी तरफ से तैयारी की है। कांग्रेस विधायक दल की कल बैठक हुई थी, आज फिर विधानसभा में सुबह 9.30 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। उसके लिए पार्टी ने व्हिप भी जारी की है। इस बीच सत्ता व विपक्ष का यह गतिरोध तोड़ने के लिए 2 बार बातचीत हुई, मगर गतिरोध नहीं टूट सका।

जाहिर है निलंबित विधायकों को बाहर निकालने के लिए अध्यक्ष मार्शल बुलायेंगे, विपक्ष विरोध करेगा। कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को 9.30 बजे बुलाया है। विधायक दल की बैठक होगी। पूर्व सीएम गहलोत भी आ सकते हैं:

कांग्रेस ने अपने सभी विधायकों को व्हिप जारी की है उससे माना जा रहा है कि आज पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी विधानसभा आ सकते हैं। जबकि वे अब तक बजट सत्र में एक बार भी नहीं आये हैं।

भाजपा ने विधायकों को 10.45 पर बुलाया:

विपक्ष की तैयारी को देखते हुए सत्तापक्ष की तरफ से भी सभी विधायक को सदन में 10.45 तक पहुंचने के संदेश भेजे गए हैं। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग की ओर से संदेश भाजपा विधायक और समर्थित विधायकों को भेजे गए हैं।कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव:

मंत्री की इंदिरा गांधी पर टिप्पणी व 6 कांग्रेस विधायकों के निलंबन के विरोध में आज कांग्रेस विधानसभा का घेराव करेगी। प्रदेश के अनेक जिलों से लोग जयपुर पहुंचे हैं। जयपुर के आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।