Skip to main content

MP : चौथी पत्नी को मारकर घर में दबाया, चार दिन उसी की कब्र पर सोया, फिर कर ली सुसाइड

RNE Network.

शराब के आदी पति-पत्नी दोनों के झगड़े में पति इस कदर होश खो बैठा कि उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। शव को घर में उसी जगह दफन कर दिया जहां दोनों साथ सोते थे। होश आया तो पश्चाताप होने लगा और जहां पत्नी के शव को दफनाया उसी पर बिस्तर लगाकर सोने लगा। इतना ही नहीं घर में ही बनी पत्नी की कब्र में से शव का हाथ भी बाहर रखा। चार दिन ऐसे ही गुजर गए लेकिन पश्चाताप इस कदर बढ़ा कि आखिरकार खुद भी जहर पीकर पत्नी की कब्र पर सो गया। संभवतया कब्र से बाहर निकले हाथ को थाम उसने जान दे दी।


हत्या और आत्महत्या की यह हैरान करने वाली घटना मध्यप्रदेश के खरगौन जिले से सामने आई है। यहां लक्ष्मण नामक 45 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी रुक्मणी की हत्या करने के बाद पश्चाताप में खुद भी आत्महत्या कर ली। यहां हैरान करने वाली बात यह भी है कि यह लक्ष्मण की चौथी पत्नी थी और रुक्मणी की तीसरी शादी थी। दोनों शराब पीने के आदी थे और दोनों के कोई संतान नहीं थी।


लक्ष्मण की मौत के बाद सामने आई घटना :

पत्नी को मारने के बाद लक्ष्मण ज्यादातर अपने घर में ही रहता था। आस-पास वालों को बता दिया कि पत्नी रिश्तेदार के यहां गई है। शुक्रवार को उसने खुद पड़ोसियों को बताया कि मैंने कीटनाशक पी लिया है। उसके बाद घर चला गया। इस बीच उसके घर से तेज दुर्गंध भी आने लगी। इस पर पड़ोसियों ने पुलिस को बताया।


पुलिस अधिकारी बलरामसिंह के हवाले से आ रही जानकारी के मुताबिक जब तक ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचित किया, तब तक लक्ष्मण की मौत हो चुकी थी। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो उन्होंने रुक्मणी की तलाश की और लक्ष्मण के बिस्तर के नीचे जमीन से एक महिला का हाथ निकला हुआ पाया। उसे निकाला तो वह लक्ष्मण की पत्नी रुक्मणी का शव था। घटनास्थल पर तेज दुर्गंध आ रही थी। माना जा रहा है कि शव को तीन से चार दिन पहले दफनाया गया था। प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चलता है कि लक्ष्मण ने रुक्मणी की गला घोंटकर हत्या की है।