Punjab Election में भाजपा-शिरोमणि अकाली दल साथ, अमित शाह बोले-अकाली दल का बनेगा सीएम!
Rudra News Express New Delhi.
पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने करीब छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन का ऐलान किया है। गुरु पर्व के अवसर पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की।

अकाली बड़ा, भाजपा छोटा भाई : अमित शाह
इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल के बीच दशकों पुराना संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और मुख्यमंत्री भी बड़े भाई की ओर से होगा।
अमित शाह ने पंजाब को नशामुक्त बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन और राज्य में राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना गठबंधन के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि गठबंधन की ओर से जल्द ही घोषणापत्र भी जारी किया जाएगा।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने घोषणापत्र समिति का गठन किया था। पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति जनता से मिले सुझावों की समीक्षा कर उन्हें पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट में शामिल करेगी।
बादल बोले-कांग्रेस और AAP ने पंजाब को बर्बाद किया:
इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में पांच साल कांग्रेस और पांच साल आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को नुकसान पहुंचाया है।
नितिन नवीन बोले :
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अकाली दल के साथ गठबंधन को स्वाभाविक गठबंधन बताया। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को और मजबूती मिलेगी।

