सीजेपी का फिर दिल्ली कूच, प्रदर्शन करने वालों से थाली और चम्मच लाने को कहा
RNE Network.
कॉकरोच जनता पार्टी बेंगलुरु, जयपुर आदि अन्य जगहों पर प्रदर्शन करने के बाद आज फिर दिल्ली का रुख कर रही है। सीजेपी ने अपने आंदोलन की शुरुआत भी दिल्ली में प्रदर्शन से की थी। नीट का पेपर लीक होने के बाद इस पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों व उनके अभिभावकों के साथ आंदोलन आरम्भ किया था।
पहला प्रदर्शन दिल्ली में हुआ। उसके बाद जब बेंगलुरु में सीजेपी का प्रदर्शन हुआ तो दक्षिण के सुपर स्टार प्रकाश राज भी उसमें शामिल हुए। जयपुर में जब पार्टी ने प्रदर्शन किया तो पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके को थप्पड़ भी मारे गए। तब उन्होंने कहा था कि भले ही कुछ भी हो, हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
आज कॉकरोच जनता पार्टी दोबारा दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराएगी। दिल्ली में आज जंतर मंतर पर प्रदर्शन होगा। सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन में शामिल होने वालों से अपने साथ थाली और चम्मच लाने के लिए कहा है।

