Movie prime

LPG Rate Hike : अमेरिका-ईरान तनाव का असर, होटल-रेस्तरां कारोबार पर बढ़ेगा बोझ; घरेलू गैस सिलेंडर के दाम यथावत

 
RNE Jaipur-New Delhi
अमेरिका-ईरान संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में आई तेजी के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने एक बार फिर 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। राजस्थान में रविवार रात जारी नई दरों के अनुसार कॉमर्शियल सिलेंडर अब 42 रुपए महंगा हो गया है। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह 916.50 रुपए में उपलब्ध रहेगा।
3141 रुपए राजस्थान में कॉमर्शियल सिलेंडर की रेट
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं। इसके तहत राजस्थान में 19 किलोग्राम का कॉमर्शियल गैस सिलेंडर अब 3099 रुपए के बजाय 3141 रुपए में मिलेगा। यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग व्यवसाय, मिठाई दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत को प्रभावित करेगी। कारोबारियों का मानना है कि लगातार बढ़ती गैस कीमतों का असर आने वाले दिनों में खाद्य पदार्थों और सेवाओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।
देश के प्रमुख शहरों में नई कीमतें
  •  दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 42 रुपए महंगा होकर 3113.50 रुपए का हो गया।
  •  मुंबई में 43.50 रुपए की बढ़ोतरी के बाद कीमत 3067.50 रुपए पहुंच गई।
  •  कोलकाता में सबसे अधिक 53.50 रुपए की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे कीमत 3255.50 रुपए हो गई।
  •    चेन्नई में 42 रुपए बढ़कर सिलेंडर 3283 रुपए का हो गया।
इस साल रिकॉर्ड तेजी से बढ़े दाम :
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वर्ष 2026 के दौरान लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष की शुरुआत में जो सिलेंडर 1608 रुपए में मिल रहा था, वह अब लगभग दोगुनी कीमत पर 3141 रुपए तक पहुंच गया है।
इस साल कब, कितने बढ़े दाम
जनवरी : 111 रुपए 
फरवरी : 49.50 रुपए 
मार्च : 141.50 रुपए
अप्रैल : 195 रुपए
मई : 993 रुपए
जून : 42 रुपए

FROM AROUND THE WEB